रिसाली। नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा में महापौर पद की दावेदारी तेज हो गई है। इन दिनों तेजस्वी सोनवानी का नाम भी संभावित प्रत्याशियों में चर्चा का विषय बना हुआ है। छठ पूजा सहित प्रमुख अवसरों पर बैनर-पोस्टर के माध्यम से उनकी मौजूदगी रिसाली क्षेत्र में दिखाई दे रही है। भाजपा सदस्य एवं समाजसेवी के रूप में अपनी पहचान प्रस्तुत कर रहीं तेजस्वी को लेकर अब चर्चा होने लगी है कि क्या पार्टी उनके नाम पर मुहर लगाएगी?

स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा है कि पूर्व में क्षेत्र के राजनीतिक और सामाजिक कार्यक्रमों में उनकी सक्रियता विशेष रूप से दिखाई नहीं दी थी। बताया जाता है कि वे अवधपुरी, रिसाली में किराए के मकान में रहती हैं। ऐसे में उनकी स्थानीय पहचान और संगठन में सक्रियता को लेकर भी स्वाभाविक तौर पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय बनाम पैराशूट प्रत्याशी का मुद्दा गरम
रिसाली क्षेत्र में सतनामी समाज की उल्लेखनीय आबादी को देखते हुए सामाजिक समीकरण भी महापौर प्रत्याशी चयन में महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। तेजस्वी सोनवानी के महार/महरा समाज (अनुसूचित जाति वर्ग) से होने की चर्चा के बीच सतनामी समाज से भी कई महिला दावेदार मैदान में हैं।
इनमें पार्वती ढीढ़ी, सुनीता कोसरे, शीतल चेलक, सविता महिलांग,पार्वती कुर्रे, चंद्रकली चतुर्वेदी, चंद्रेश्वरी बांधे, अर्चना हिरवानी (बारले) और ओमकेश्वरी मार्कंडे के नाम शामिल हैं। इनमें अधिकांश को स्थानीय निवासी और अनुसूचित जाति वर्ग से बताया जा रहा है।
विधायक ललित चंद्राकर के बयान से बढ़ी चर्चा
क्षेत्रीय विधायक ललित चंद्राकर के स्थानीय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने संबंधी बयान के बाद पैराशूट प्रत्याशियों का मुद्दा और चर्चा में आ गया है। भाजपा इस बार स्थानीय सक्रियता, संगठन में योगदान और आंतरिक सर्वे के आधार पर प्रत्याशी चयन कर सकती है।
अब बड़ा सवाल यही है कि भाजपा तेजस्वी सोनवानी जैसे नए चर्चित चेहरे पर भरोसा जताएगी या लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय स्थानीय दावेदारों में से किसी को अवसर देगी?
रिसाली में महापौर प्रत्याशी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं लगातार तेज हो रही हैं। पार्टी के अंतिम निर्णय पर सभी की नजरें टिकी हैं।








