राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। बसंतपुर थाना क्षेत्र में एक ठग ने खुद को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय यानी अभिनेता थलापति विजय का निजी सहायक (PA) बताकर एक व्यक्ति को अपने जाल में फंसा लिया। आरोपी ने निवेश के बदले छह गुना रकम देने का भरोसा दिलाया और करीब 87 हजार रुपये ठग लिए। मामले की जानकारी सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने दी है।
अज्ञात व्यक्ति ने व्हाट्सएप कॉल कर बनाया निशाना
पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता पवन कुमार टंडन भरेगांव के निवासी हैं। उनका क्षेत्र बसंतपुर थाना और सुरगी पुलिस चौकी के अंतर्गत आता है। पवन कुमार ने थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का व्हाट्सएप कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलापति विजय का PA बताया।
छह गुना रकम मिलने का दिया झांसा
आरोपी ने अपनी पहचान का हवाला देकर पवन कुमार को भरोसे में लिया। इसके बाद उसने दावा किया कि बताए गए खाते में पैसे जमा करने पर निवेश की गई रकम से कम से कम छह गुना अधिक राशि मिलेगी। मुनाफे के लालच में आकर शिकायतकर्ता ने आरोपी के बताए खाते में करीब 87 हजार रुपये जमा कर दिए।
रकम मिलते ही आरोपी ने बंद किया संपर्क
पैसे खाते में पहुंचते ही आरोपी ने अपना व्हाट्सएप नंबर डिलीट कर दिया। इसके बाद शिकायतकर्ता को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने बसंतपुर थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ FIR, जांच में जुटी पुलिस
पवन कुमार टंडन की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है।








