मचांदूर। दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र में अवैध शराब के परिवहन और खपाने का मामला एक बार फिर सामने आया है। चिंता की बात यह है कि अब इस तरह की गतिविधियों में युवा भी शामिल होते नजर आ रहे हैं। महज 20 वर्ष की उम्र में एक युवक का अवैध शराब परिवहन करते पकड़ा जाना कई सवाल खड़े करता है। आखिर युवाओं को क्या हो गया है, जो कम उम्र में ही ऐसे अवैध कारोबार से जुड़ते जा रहे हैं?
चौकी मचांदूर पुलिस ने 15 नवंबर को कार्रवाई करते हुए एक युवा को 35 पौवा देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रशिक्षु उप निरीक्षक अभिषेक चंद्रा हमराह आरक्षक के साथ ग्राम भ्रमण पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अटल चौक मचांदूर स्थित वैभव टेंट हाउस के पास एक युवक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 DE 8594 से अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान नंद किशोर साहू, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम मचांदूर के रूप में हुई। वाहन की डिक्की की तलाशी लेने पर गुलाबी थैले और काले बैग में रखे 35 पौवा देशी मसाला शराब बरामद हुई। इसमें सुपर 36 ब्रांड के 29 पौवा और सवा शेर ब्रांड के 6 पौवा शामिल थे। शराब की कुल मात्रा 6.300 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 3,500 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी से शराब के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद शराब जब्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया। मामले में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।
विधायक ललित चंद्राकर का चुनावी वादा भी चर्चा में
गौरतलब है कि दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने विधानसभा चुनाव के दौरान वादा किया था कि क्षेत्र में कहीं भी अवैध शराब, जुआ और सट्टा नहीं चलने दिया जाएगा। इसके बावजूद दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री की शिकायतें तथा मामले सामने आना चिंता का विषय है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर युवाओं को क्या हो गया है? जिस उम्र में उन्हें शिक्षा, रोजगार और अपने भविष्य को संवारने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए, उस उम्र में यदि युवा अवैध शराब के परिवहन और खपाने जैसी गतिविधियों में शामिल पाए जा रहे हैं, तो यह समाज और प्रशासन दोनों के लिए चिंता का विषय है। अब जरूरत केवल एक-दो आरोपियों पर कार्रवाई की नहीं, बल्कि अवैध शराब के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क तक पहुंचने की भी है।








