Dhaara News

भाजपा के जिस वीडियो ने कांग्रेस सरकार को मुश्किल में डाला , उसका मुख्य किरदार शुभम सोनी अब भी फरार! सौरभ चंद्राकर गिरफ्तार, शुभम के खिलाफ गैर-जमानती वारंट

 

2023 में भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से वायरल हुआ था 508 करोड़ रुपये प्रोटेक्शन मनी देने का दावा करने वाला वीडियो;

आज छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार, महादेव ऐप का प्रमोटर सौरभ चंद्राकर ईडी की गिरफ्त में, लेकिन बीजेपी के सोशल मीडिया हैंडल से जारी वीडियो में खुद को ऐप का मालिक बताने वाला शुभम सोनी अब भी जांच एजेंसियों की पकड़ से बाहर।

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान प्रदेश की राजनीति में भूचाल लाने वाला महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप का 508 करोड़ रुपये वाला वीडियो एक बार फिर चर्चा में है। वीडियो में खुद को महादेव सट्टा ऐप का असली संचालक बताने वाले शुभम सोनी के खिलाफ अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की विशेष अदालत ने गैर-जमानती वारंट जारी किया है। दूसरी ओर इस मामले के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को भारत लाकर गिरफ्तार किया जा चुका है और वह फिलहाल ईडी की हिरासत में है।

 

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि नवंबर 2023 में जिस वीडियो को भाजपा ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से पूरे देश में प्रसारित किया था, उस वीडियो ने तत्कालीन कांग्रेस सरकार को कठघरे में खड़ा करने में बड़ी भूमिका निभाई थी। उस समय भाजपा विपक्ष में थी, लेकिन आज छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार है। ऐसे में उस वीडियो के प्रमुख किरदार शुभम सोनी की गिरफ्तारी और उसके दावों की सच्चाई जानने को लेकर लोगों की निगाहें जांच एजेंसियों पर टिकी हैं।

File photo

5 नवंबर 2023 को भाजपा ने सार्वजनिक किया था वीडियो

5 नवंबर 2023 को भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक सिद्धार्थनाथ सिंह ने रायपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दुबई में मौजूद शुभम सोनी का वीडियो सार्वजनिक किया था। इसके बाद भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से भी वीडियो साझा किया गया।

वीडियो में शुभम सोनी ने खुद को महादेव ऐप का मालिक बताते हुए दावा किया था कि उसने वर्ष 2021 में भिलाई से इस कारोबार की शुरुआत की थी। उसने तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनसे जुड़े लोगों तक लगभग 508 करोड़ रुपये प्रोटेक्शन मनी के रूप में पहुंचाने का आरोप लगाया था।

वीडियो लिंक 👇

https://www.facebook.com/share/v/1Cnh881DQG/

यह दावा उस समय छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव का बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गया था। भाजपा ने इसे कांग्रेस सरकार के खिलाफ जोरदार तरीके से उठाया था, जबकि कांग्रेस ने आरोपों को राजनीतिक साजिश बताया था। हालांकि, वीडियो में किए गए आरोपों को न्यायिक रूप से प्रमाणित तथ्य नहीं माना जा सकता।

सौरभ चंद्राकर भारत पहुंचा, ईडी ने किया गिरफ्तार

महादेव ऑनलाइन बुक के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाया गया। सीबीआई की कार्रवाई के बाद 13 नवंबर 2026 को ईडी ने उसे मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया। रायपुर की विशेष अदालत ने उसे 19 नवंबर तक सात दिनों की ईडी हिरासत में भेजा है।

File photo

जांच एजेंसियों के मुताबिक सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल दुबई से महादेव ऑनलाइन बुक का संचालन करते थे। अब सौरभ से पूछताछ के दौरान नेटवर्क, कथित हवाला लेन-देन और संरक्षण राशि से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।

शुभम सोनी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट

इसी बीच 17 नवंबर को ईडी की विशेष अदालत ने शुभम सोनी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। ईडी उसे महादेव सट्टा ऐप मामले के प्रमुख आरोपियों में शामिल मान रही है। शुभम सोनी वही व्यक्ति है जिसने 2023 में वीडियो जारी कर खुद को ऐप का असली मालिक बताते हुए 508 करोड़ रुपये पहुंचाने का दावा किया था।

लेकिन अब तक उसके खिलाफ जारी वारंट के बावजूद उसकी गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है। वह जांच एजेंसियों के लिए एक महत्वपूर्ण कड़ी बना हुआ है।

अब सबसे बड़ा सवाल—वीडियो का किरदार कब आएगा सामने?

इस पूरे प्रकरण में कई सवाल आज भी कायम हैं। जिस शुभम सोनी के वीडियो को भाजपा ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से प्रचारित किया था, वह वीडियो भाजपा तक किस माध्यम से पहुंचा था? क्या शुभम सोनी ने सीधे भाजपा नेताओं से संपर्क किया था? उसके द्वारा लगाए गए 508 करोड़ रुपये के आरोपों के समर्थन में जांच एजेंसियों को क्या प्रमाण मिले हैं?

 

और सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह कि जब महादेव ऐप के दूसरे प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को भारत लाकर गिरफ्तार किया जा चुका है, तो शुभम सोनी अब तक जांच एजेंसियों की पकड़ से बाहर क्यों है?

 

2023 में एक वीडियो के जरिए छत्तीसगढ़ की राजनीति में बड़ा भूचाल लाने वाला शुभम सोनी आज खुद जांच के घेरे में है। भाजपा के विपक्ष में रहते हुए वायरल हुआ उसका वीडियो अब भाजपा की सरकार के कार्यकाल में एक नए सवाल के साथ सामने है—क्या सौरभ चंद्राकर की पूछताछ और शुभम सोनी की गिरफ्तारी से महादेव सट्टा ऐप के उन राज से पर्दा उठ पाएगा, जिनका दावा उस वीडियो में किया गया था?

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment