चाय-नाश्ता, नाच-गाना, टेंट और मंच से लेकर दावेदारों की मेहमाननवाजी तक… दिवाली मिलन के जरिए चुनावी माहौल बनाने में जुटी भाजपा, कांग्रेस से आगे निकलने की कोशिश
रिसाली। नगर निगम चुनाव की आहट के बीच भारतीय जनता पार्टी ने दिवाली मिलन समारोहों के बहाने वार्डों में अपनी चुनावी सक्रियता तेज कर दी है। ऊपर से भले ही ये कार्यक्रम दीपावली की शुभकामनाओं और आपसी मेल-मिलाप के नजर आ रहे हों, लेकिन इनके भीतर कमल के फूल को खिलाने की चुनावी रणनीति भी साफ दिखाई दे रही है। भाजपा वार्ड-दर-वार्ड दिवाली मिलन आयोजित कर लोगों के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने और चुनाव से पहले माहौल अपने पक्ष में बनाने की कोशिश में जुटी है।
चर्चा के मुताबिक, प्रत्येक वार्ड स्तरीय दिवाली मिलन कार्यक्रम के लिए पार्टी की ओर से करीब 20 हजार रुपये तक का फंड दिए जाने का अनुमान है। इसमें चाय-नाश्ता, भोजन, टेंट, टेबल-कुर्सियां, मंच और मनोरंजन के लिए नाच-गाने जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। रिसाली नगर निगम के 40 वार्डों को आधार मानकर हिसाब लगाया जाए तो केवल पार्टी फंड के रूप में ही करीब 8 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, यह खर्च का अनुमान है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
दावेदारों का अपना हिसाब, कहीं 10 हजार तो कहीं 20 हजार तक खर्च!
दिवाली मिलन समारोहों में केवल पार्टी फंड ही नहीं, बल्कि महापौर और पार्षद पद के दावेदारों की सक्रियता भी देखने को मिल रही है। राजनीतिक चर्चाओं के अनुसार, महापौर पद के दावेदारों की ओर से अलग-अलग वार्डों में लगभग 5 से 10 हजार रुपये तक खर्च किए जा रहे हैं, जबकि पार्षद पद के दावेदार भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के लिए कहीं 10 हजार तो कहीं 20 हजार रुपये तक खर्च कर रहे हैं। कुछ ऐसे पार्षद हैं जो पार्टी फंड में ही अपना काम निपटा दे रहे हैं।
इस तरह पार्टी के अनुमानित फंड और दावेदारों के व्यक्तिगत खर्च को जोड़कर देखें तो कई कार्यक्रमों का कुल खर्च 50 हजार रुपये से भी अधिक पहुंचने की चर्चा है। यानी दिवाली मिलन अब केवल मिठाई बांटने और शुभकामनाएं देने तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसके जरिए राजनीतिक संपर्क, जनसंपर्क और चुनावी समीकरण साधने का प्रयास भी हो रहा है।
वार्ड प्रभारी से लेकर युवा मोर्चा तक सक्रिय
भाजपा ने प्रचार की रणनीति को केवल दिवाली मिलन तक सीमित नहीं रखा है। पार्टी के प्रभारी, मंडल प्रभारी, वार्ड प्रभारी और युवा मोर्चा के जिम्मेदार पदाधिकारी भी लगातार बैठकें कर रहे हैं। वार्डों में महापौर पद के संभावित दावेदारों को भी आमंत्रित किया जा रहा है, ताकि कार्यकर्ताओं और स्थानीय मतदाताओं के बीच उनकी पहचान मजबूत हो सके।
पार्टी की कोशिश है कि चुनाव से पहले प्रत्येक वार्ड में संगठन की पकड़ मजबूत हो और मतदाताओं तक कमल के फूल का संदेश पहुंचाया जाए। कई कार्यक्रमों में दावेदारों की मौजूदगी और कार्यकर्ताओं की सक्रियता से साफ है कि भाजपा इस बार रिसाली नगर निगम की सत्ता हासिल करने के लिए कोई कसर छोड़ना नहीं चाहती।
कहीं चाय-नाश्ते की व्यवस्था, तो कहीं बंपर भोजन
इन आयोजनों की दिलचस्प तस्वीर भी सामने आ रही है। कहीं चाय-नाश्ते की सामान्य व्यवस्था है तो कहीं लोगों के लिए बंपर भोजन का इंतजाम किया जा रहा है। कहीं टेंट और मंच आकर्षण का केंद्र हैं तो कहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए लोगों को जोड़ने की कोशिश हो रही है। व्यवस्थाओं में भले ही वार्ड के हिसाब से अंतर दिखाई दे रहा हो, लेकिन चुनावी प्रचार और जनसंपर्क में कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही है।
कांग्रेस के सामने भाजपा की चुनावी तैयारी कितनी भारी?
रिसाली नगर निगम में भाजपा की इस सक्रियता को कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दलों के लिए भी एक चुनौती के रूप में देखा जा रहा है। भाजपा जहां वार्ड स्तर पर संगठन को सक्रिय कर रही है, वहीं संभावित प्रत्याशियों को भी पहले से मैदान में उतारकर जनता के बीच अपनी जगह बनाने का प्रयास कर रही है।
अब बड़ा सवाल यह है कि दिवाली मिलन के नाम पर वार्डों में हो रही यह मेहनत क्या चुनाव के दिन वोटों में तब्दील हो पाएगी? क्या लाखों रुपये के अनुमानित खर्च, दावेदारों की भागीदारी और संगठन की लगातार बैठकों से रिसाली में कमल का फूल खिल पाएगा या फिर मतदाता इस पूरी चुनावी कवायद को कोई दूसरा ही परिणाम देंगे?
फिलहाल भाजपा ने अपनी ओर से चुनावी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि दिवाली मिलन के बहाने शुरू हुई यह राजनीतिक रोशनी भविष्य में कमल खिलाने में कितनी सफल होती है।








