Dhaara News

दुर्ग में पानी की टंकी से मिला सड़ा-गला शव, जल आपूर्ति रोककर जांच शुरू

दुर्ग (Durg News): छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नगर निगम क्षेत्र के जल घर की पानी की टंकी में एक सड़ा-गला शव तैरता हुआ मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही नगर निगम प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

जानकारी के अनुसार, टंकी की गहराई लगभग 30 फीट है और शव करीब तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि शव कई दिनों से टंकी में फंसा हुआ था और पानी का स्तर बढ़ने के बाद ऊपर आ गया। चौंकाने वाली बात यह है कि इसी टंकी से हजारों घरों में पानी की आपूर्ति की जाती है, जिससे नागरिकों में दहशत फैल गई है।

नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष ने इस घटना को गंभीर लापरवाही बताया है। उन्होंने कहा कि तीन दिन तक शव टंकी में पड़ा रहा और इसके बावजूद जल आपूर्ति जारी रही, जो नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है। उन्होंने उच्च स्तरीय जांच और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

डीएसपी भारती मरकाम ने बताया कि एफएसएल टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया गया। शव जल घर की मशीन के पास फंसा हुआ था। मृतक की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच आंकी गई है, लेकिन सड़ी-गली अवस्था के कारण पहचान नहीं हो पाई है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं नगर निगम ने जल आपूर्ति अस्थायी रूप से रोक दी है और जल घर की संपूर्ण सफाई के निर्देश जारी किए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

dhaaranews
Author: dhaaranews

Leave a Comment