Dhaara News

कुछ सेकंड की Reel ने युवक को पहुंचाया जेल, ट्रेन के सामने बैठकर बना रहा था वीडियो; सोशल मीडिया की मदद से पुणे तक पहुंची RPF

 रायपुर/राजनांदगांव: सोशल मीडिया पर कुछ सेकंड की Reel के लिए रेलवे ट्रैक पर जान जोखिम में डालना राजनांदगांव के एक युवक को भारी पड़ गया। ट्रेन के ठीक सामने ट्रैक पर बैठकर वीडियो बनाने वाले युवक की तलाश में जुटी RPF ने तकनीकी जांच और सोशल मीडिया नेटवर्क की मदद से उसे पुणे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को राजनांदगांव लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उसे केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।

ट्रेन सामने थी और ट्रैक पर बैठकर बना रहे थे Reel

मामला राजनांदगांव क्षेत्र का है, जहां दो युवकों का रेलवे ट्रैक पर बैठकर Reel बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में सामने से ट्रेन आती दिखाई दे रही थी और दोनों युवक ट्रैक पर बैठकर वीडियो शूट कर रहे थे।घटना की गंभीरता को देखते हुए RPF थाना राजनांदगांव में 18 अगस्त 2026 को अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि वायरल वीडियो की तारीख, ट्रेन और सटीक लोकेशन की स्पष्ट जानकारी RPF के पास नहीं थी।

78 हजार फॉलोअर्स वाली प्रोफाइल बनी जांच का अहम जरिया

स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने के प्रयास के बावजूद जब आरोपियों का सुराग नहीं मिला, तब RPF पोस्ट प्रभारी निरीक्षक तरुणा साहू ने सोशल मीडिया को जांच का हिस्सा बनाने का फैसला किया।उन्होंने अपने निजी सोशल मीडिया अकाउंट से वायरल वीडियो साझा किया और लोगों से युवक की पहचान तथा उसके बारे में जानकारी देने की अपील की। उनके अकाउंट पर करीब 78 हजार फॉलोअर्स हैं। अपील के बाद कई जागरूक नागरिकों ने RPF से संपर्क किया और जांच को आगे बढ़ाने वाले महत्वपूर्ण इनपुट दिए।

रायपुर से पुणे तक खंगाले गए CCTV कैमरे

मुखबिरों से मिले सुरागों के आधार पर RPF की तकनीकी टीम ने कई रेलवे स्टेशनों के CCTV फुटेज की जांच शुरू की। रायपुर, दुर्ग, गोंदिया, नागपुर और पुणे रेलवे स्टेशनों के कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली गई।लगातार तकनीकी निगरानी के बाद संदिग्ध युवक पुणे रेलवे स्टेशन के CCTV में नजर आया। इसके बाद RPF टीम ने उसकी लोकेशन का पता लगाया और पुणे में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

अजय प्रजापति के रूप में हुई आरोपी की पहचान

गिरफ्तार युवक की पहचान अजय प्रजापति, पिता संतोष प्रजापति, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम जगोरा, वार्ड नंबर 2, थाना पिथौरा, जिला महासमुंद के रूप में हुई है।RPF टीम आरोपी को पुणे से राजनांदगांव लेकर पहुंची। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट से जेल वारंट मिलने के बाद आरोपी को केंद्रीय जेल रायपुर दाखिल कराया गया।इस कार्रवाई में प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त आईजी मुनव्वर खुर्शीद और मंडल सुरक्षा आयुक्त नागपुर डीएससी चेतन दिलीपराव जिचकार के मार्गदर्शन में RPF निरीक्षक एवं पोस्ट प्रभारी राजनांदगांव तरुणा साहू, प्रधान आरक्षक राजेंद्र रायकवाड और प्रकाश राय सेडाम की अहम भूमिका रही।

RPF ने दी साफ चेतावनी

RPF ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए रेलवे ट्रैक, यार्ड या किसी प्रतिबंधित रेलवे परिसर में वीडियो या Reel न बनाएं। ऐसी जगहों पर थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है और कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।लाइक्स और व्यूज कुछ समय के लिए मिल सकते हैं, लेकिन रेलवे ट्रैक पर किया गया एक गलत स्टंट जिंदगी भर का नुकसान बन सकता है।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment