Dhaara News

25 हाथियों के दल ने रोकी सड़क की रफ्तार, वन विभाग ने ट्रैफिक रोककर कराया सुरक्षित मार्ग पार

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मंगलवार शाम उस समय मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही थम गई, जब 25 हाथियों का एक बड़ा दल जंगल से निकलकर सड़क पार करने पहुंच गया। वन विभाग ने समय रहते मौके पर पहुंचकर दोनों ओर से यातायात रोक दिया और हाथियों को सुरक्षित तरीके से सड़क पार कराई। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

चारमार के पास शाम को दिखा हाथियों का दल

घटना घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के चारमार क्षेत्र की है। मंगलवार शाम करीब 6 बजे वन विभाग को सूचना मिली कि हाथियों का बड़ा झुंड जंगल से निकलकर सड़क पार करने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली।

सुरक्षा के लिए कुछ देर रोका गया यातायात

हाथियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी गई। कुछ देर बाद पूरा दल सुरक्षित रूप से सड़क पार कर दूसरे जंगल की ओर बढ़ गया, जिसके बाद यातायात सामान्य कर दिया गया।

वीडियो बनाने पहुंचे ग्रामीण, वन विभाग ने किया सतर्क

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और हाथियों का वीडियो बनाने लगे। वनकर्मियों ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, हाथियों के करीब नहीं जाने और किसी भी तरह की छेड़छाड़ से बचने की अपील की।

पानीखेत और पाकादरहा की ओर बढ़ा झुंड

घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के प्रभारी रेंजर विक्रांत कुमार ने बताया कि हाथियों के दल में नर, मादा और शावक शामिल हैं। सड़क पार करने के बाद पूरा झुंड चारमार के जंगल से आगे बढ़कर पानीखेत और पाकादरहा के जंगल की दिशा में चला गया है। वन विभाग की टीम लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए है।

ग्रामीणों के लिए जारी की गई चेतावनी

वन विभाग ने प्रभावित गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। ग्रामीणों से अकेले जंगल में नहीं जाने, रात के समय विशेष सावधानी बरतने और हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने को कहा गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment