Dhaara News

ईमानदारी और निष्पक्षता की मिसाल: 39 वर्षों की सेवा के बाद दुर्ग जनपद से ईश्वरी प्रसाद नागदेवे सेवानिवृत्त, भावभीनी विदाई

 

दुर्ग। दुर्ग जनपद पंचायत में पदस्थ वरिष्ठ आंतरिक लेखा परीक्षण एवं करारोपण अधिकारी ईश्वरी प्रसाद नागदेवे के सेवानिवृत्त होने पर जनपद पंचायत सभाकक्ष में भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी रिचा शर्मा, जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में पंचायत सचिव उपस्थित रहे। सभी ने श्री नागदेवे के लंबे, निष्पक्ष और अनुकरणीय सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।

समारोह में श्री नागदेवे को शॉल, श्रीफल, पुष्पहार एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घ जीवन की कामना की।

अपने संबोधन में ईश्वरी प्रसाद नागदेवे ने अपने लगभग 39 वर्षों के शासकीय सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि उन्होंने वर्ष 1987 में तत्कालीन अभिभाजित दुर्ग जिले के नवागढ़ विकासखंड में ग्राम सहायक के रूप में अपनी सेवाएं प्रारंभ की थीं। वर्ष 1989 में उनका स्थानांतरण दुर्ग ब्लॉक हुआ, जहां उन्होंने कई ग्राम पंचायतों में प्रशासक के रूप में जिम्मेदारी निभाई। बाद में वे आंतरिक लेखा परीक्षण एवं करारोपण अधिकारी के पद पर पदस्थ हुए और अपने कार्यकाल के दौरान पंचायतों की वित्तीय एवं प्रशासनिक व्यवस्था को नियमसम्मत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा, “जांच के दौरान मैंने कभी किसी राजनीतिक या प्रशासनिक दबाव को अपने कार्य पर हावी नहीं होने दिया। पंचायती राज अधिनियम और शासन के नियमों के आधार पर ही जांच प्रतिवेदन तैयार किया।” उन्होंने यह भी कहा कि पूरे सेवाकाल में उनका वेतन कभी नहीं रुका और न ही उन्हें कभी निलंबन जैसी कार्रवाई का सामना करना पड़ा, जो उनके निष्कलंक और ईमानदार सेवाकाल का प्रमाण है।

कार्यक्रम में मौजूद पंचायत सचिवों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जब भी किसी नियम, अधिनियम या वित्तीय प्रक्रिया को लेकर कोई शंका होती थी, तो वे सबसे पहले नागदेवे सर से मार्गदर्शन लेते थे। उन्होंने उम्मीद जताई कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे अपने अनुभव और ज्ञान से पंचायत सचिवों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

समारोह के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और पंचायत सचिवों ने श्री नागदेवे के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली, निष्पक्षता, अनुशासन और नियमों के प्रति प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी। विदाई समारोह भावुक माहौल के बीच संपन्न हुआ, जहां सभी ने उन्हें सम्मान और शुभकामनाओं के साथ नई जीवन यात्रा के लिए विदा किया।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment