विधायक ललित चंद्राकर के ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री बनने पर स्वागत की तैयारी, हजारों कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना; अपने वाहन और अपने खर्च से रायपुर पहुंचेंगे कार्यकर्ता!
दुर्ग ग्रामीण। भाजपा विधायक ललित चंद्राकर को भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा का राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने के बाद छत्तीसगढ़ में उनके स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं। इस अवसर पर ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू के नेतृत्व में 28 नवंबर को रायपुर में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम टाटीबंध चौक से शुरू होकर भाजपा प्रदेश कार्यालय सभागार तक पहुंचेगा।
लेकिन इस स्वागत कार्यक्रम से ज्यादा चर्चा अब एक अलग ही विषय को लेकर दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में हो रही है। सवाल यह है कि जब स्वागत कार्यक्रम रायपुर में आयोजित है, तो उसमें हजारों कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटाने के लिए दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र को इतनी प्रमुखता से क्यों जोड़ा जा रहा है? आखिर यह शानदार रणनीति किसकी है? और वह कौन से सलाहकार हैं, जिनकी सलाह पर ग्रामीण क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को रायपुर तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है?
राजनीतिक गलियारों में इस रणनीति को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और अपने नेता के प्रति उत्साह की तारीफ भी हो रही है। आखिर अपने नेता के स्वागत में कार्यकर्ता पीछे क्यों रहें! चाहे दूरी रायपुर की हो, वाहन अपना हो और रास्ते का खर्च भी स्वयं उठाना पड़े, उत्साह में कोई कमी नहीं दिखनी चाहिए।
*सलाहकारों की रणनीति के तो कार्यकर्ता भी हुए कायल!*
इस पूरे आयोजन में सबसे दिलचस्प चर्चा उन सलाहकारों की हो रही है, जिन्होंने शायद यह बेहतरीन गणित बैठाया है कि रायपुर में होने वाला स्वागत कार्यक्रम तभी भव्य दिखेगा, जब दुर्ग ग्रामीण से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचेंगे। अब इसे संगठन के प्रति समर्पण कहें या भीड़ जुटाने की शानदार राजनीतिक रणनीति, लेकिन सलाह देने वालों की कल्पनाशक्ति की तारीफ तो बनती है!
कार्यकर्ता भी मानो इस संदेश को समझ चुके हैं कि स्वागत अपने नेता का है, स्थान रायपुर है और जिम्मेदारी अपनी-अपनी है। ऐसे में अपने वाहनों में राष्ट्रवादी पेट्रोल भरकर कार्यकर्ता रायपुर की ओर कूच करने को तैयार हैं।
*अब देखना यह है कि स्वागत में कौन कितना उत्साह दिखाता है!*
ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से सैकड़ों नहीं, बल्कि हजारों कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। अब सवाल यह भी है कि इस स्वागत कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की वास्तविक संख्या कितनी होती है और किसकी रणनीति कितनी सफल साबित होती है।
फिलहाल एक बात तो तय है कि विधायक ललित चंद्राकर के राष्ट्रीय स्तर पर नई जिम्मेदारी मिलने की खुशी में रायपुर का स्वागत कार्यक्रम दुर्ग ग्रामीण की राजनीतिक चर्चाओं का भी केंद्र बन गया है। नेता का स्वागत रायपुर में होगा, लेकिन इसकी तैयारी और चर्चा दुर्ग ग्रामीण में खूब हो रही है।
आखिर सलाहकार महोदय को भी बधाई बनती है! ऐसी दूरदर्शी सलाह हर किसी के बस की बात नहीं।







