Dhaara News

ACB की दोहरी कार्रवाई से हड़कंप, बिजली विभाग और राजस्व विभाग में रिश्वतखोरी पर शिकंजा

मनेंद्रगढ़/बेमेतरा। छत्तीसगढ़ में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ दो अलग-अलग जिलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी तंत्र में रिश्वतखोरी के नेटवर्क पर कड़ा प्रहार किया है। एक तरफ मनेंद्रगढ़ में बिजली विभाग के दो कर्मचारी पकड़े गए, वहीं दूसरी ओर बेमेतरा में एक पटवारी रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार हुआ।

बिजली कनेक्शन के नाम पर मांगी गई थी रिश्वत

मनेंद्रगढ़ में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के कार्यालय में ACB ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए कनिष्ठ अभियंता मनीष बजाज और लाइनमैन राकेश शुक्ला को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार, 5 एचपी मोटर कनेक्शन देने के एवज में रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत की पुष्टि के बाद ACB ने योजना बनाकर पीड़ित को 9,500 रुपये देकर कार्यालय भेजा। जैसे ही दोनों कर्मचारियों ने रकम ली, टीम ने मौके पर दबिश देकर उन्हें पकड़ लिया।

कार्रवाई के बाद विभाग में मचा हड़कंप

गिरफ्तारी के बाद पूरे विद्युत विभाग कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। ACB ने दोनों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

बेमेतरा में 15 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार

इसी तरह बेमेतरा जिले के साजा ब्लॉक में ACB ने एक पटवारी ओंकार सुनवानी को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है।

पीड़ित किसान अपने जमीन संबंधी कार्य के लिए लगातार दफ्तर के चक्कर लगा रहा था, लेकिन काम के बदले पटवारी ने 30 हजार रुपये की मांग की थी। पहली किस्त के रूप में 15 हजार रुपये लेते ही ACB ने ट्रैप कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

सरकारी सिस्टम में सख्ती का संदेश

दोनों कार्रवाइयों के बाद यह साफ हो गया है कि ACB लगातार भ्रष्टाचार के मामलों पर सख्त रुख अपनाए हुए है। इन घटनाओं के बाद संबंधित विभागों में हड़कंप मचा हुआ है और आगे भी ऐसी कार्रवाइयों की संभावना जताई जा रही है।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment