Dhaara News

सड़क हादसे में घायल हुईं अभिनेत्री मोना सेन, बाइक सवार भी जख्मी

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के फरसगांव क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें केश शिल्प बोर्ड की अध्यक्ष और अभिनेत्री मोना सेन घायल हो गईं। हादसा नेशनल हाइवे-30 पर मस्सू कोकोड़ा पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां मोना सेन की कार और एक बाइक के बीच टक्कर हो गई।

हादसे में मोना सेन समेत बाइक सवार दो युवक भी घायल हो गए। टक्कर के तुरंत बाद मोना सेन ने मानवता दिखाते हुए दोनों घायलों को अपनी ही कार से अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों को फरसगांव स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि मोना सेन पूर्व सांसद दिनेश कश्यप के पुत्र के निधन पर शोक व्यक्त करने फरसागुड़ा जा रही थीं। इसी दौरान यह हादसा हुआ। मोना सेन को राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त है, और वे छत्तीसगढ़ में एक लोकप्रिय अभिनेत्री के साथ-साथ एक सक्रिय जनप्रतिनिधि भी हैं।

हादसे की खबर मिलते ही धरसींवा और कवर्धा के पूर्व विधायक भी मोना सेन से मुलाकात करने अस्पताल पहुंचे।

मोना सेन ने अपने जीवन में सैकड़ों फिल्मों और म्यूजिक वीडियोज में अभिनय किया है। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि सिंगर और एक्ट्रेस बनने की चाह में उन्होंने बचपन में कई संघर्ष किए। पहली बार स्टेज शो करने के लिए रात में घर की बाड़ी फांदकर चाचा के साथ बाइक पर बैठकर भागी थीं।

dhaaranews
Author: dhaaranews

Leave a Comment