Dhaara News

दुर्ग ग्रामीण में विधायक के खिलाफ पुतला दहन का ऐलान 

 

जनपद सदस्य ढालेश साहू के नेतृत्व में आंदोलन, कई पंचायतों और सामाजिक संगठनों के समर्थन का दावा

दुर्ग ग्रामीण। क्षेत्र में बिजली कटौती, बढ़ते बिजली बिल और ग्रामीण इलाकों में स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाता दिखाई दे रहा है। अब इन मुद्दों को लेकर क्षेत्रीय विधायक ललित चंद्राकर के खिलाफ पुतला दहन का कार्यक्रम रखा गया है।

जनपद पंचायत दुर्ग के क्षेत्र क्रमांक 24 के सदस्य दालेश साहू ने जिला कलेक्टर को दिए आवेदन में बताया है कि 30 सितंबर 2026, बुधवार को दोपहर 12 बजे अंडा चौक, दुर्ग ग्रामीण में शांतिपूर्ण तरीके से विधायक का पुतला दहन प्रस्तावित है। आवेदन में कार्यक्रम की अनुमति मांगी गई है और प्रशासन के सभी नियमों का पालन करने की बात कही गई है।

बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर विरोध

किसान नेता साहू का आरोप है कि दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के मचांदूर से निकुम, अंडा से उतई और धमधा से नगपुरा तक विभिन्न गांवों में लगातार अघोषित घरेलू बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है। उनके मुताबिक इससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों और छोटे व्यवसायियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

आवेदन में यह भी कहा गया है कि कुछ ग्राम पंचायत भवनों के बिजली कनेक्शन बकाया बिल के कारण काटे जाने से पंचायतों के शासकीय कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। वहीं ग्रामीण उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जाने और बढ़े हुए बिजली बिलों की वसूली को लेकर भी असंतोष होने का दावा किया गया है।

जनपद सदस्य के नेतृत्व में हो रही तैयारी?

कार्यक्रम को लेकर कई ग्राम पंचायतों के सरपंचों, विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों, सामाजिक संगठनों तथा अलग-अलग वर्गों के लोगों के समर्थन की चर्चा है। हालांकि इन सभी के आधिकारिक रूप से कार्यक्रम में शामिल होने की पुष्टि अभी अलग-अलग स्तर पर होना बाकी है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, विभिन्न दलों से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं के भी व्यक्तिगत स्तर पर कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

वहीं किसान नेता साहू को भी कार्यक्रम के लिए लोगों का समर्थन मिलने की बात कही जा रही है। क्षेत्र में बिजली और अन्य स्थानीय समस्याओं से जुड़े लोग भी कार्यक्रम में पहुंच सकते हैं।

पीड़ित -प्रताड़ित लोगों के पहुंचने का दावा

आयोजकों से जुड़े लोगों का कहना है कि कार्यक्रम में केवल राजनीतिक कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि स्थानीय समस्याओं से प्रभावित ग्रामीण और अपनी शिकायतों को लेकर लंबे समय से परेशान लोग भी पहुंच सकते हैं। यदि बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं तो अंडा चौक पर राजनीतिक विरोध का यह कार्यक्रम क्षेत्र में चर्चा का विषय बन सकता है।

फिलहाल प्रशासन के सामने चुनौती यह है कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से और कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए संपन्न हो। आवेदन में भी आयोजक ने प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं कानूनी निर्देशों के पालन का आश्वासन दिया है।

30 सितंबर को अंडा चौक पर होने वाला यह पुतला दहन कार्यक्रम दुर्ग ग्रामीण की स्थानीय राजनीति में कितना असर डालता है, यह देखने वाली बात होगी।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment