Dhaara News

ट्रक चालक से मारपीट पड़ी भारी, धमतरी में आरक्षक तत्काल निलंबित, एसपी ने दिखाई सख्ती

 धमतरी :  ट्रक चालक के साथ कथित मारपीट और अनुचित व्यवहार के मामले में पुलिस विभाग ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कुरूद थाने में पदस्थ आरक्षक पवन बर्मन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उन्हें पुलिस लाइन रूद्री अटैच करते हुए पूरे मामले की प्राथमिक जांच के आदेश जारी किए गए हैं।

शिकायत के बाद शुरू हुई जांच, ड्यूटी स्थल से भी मिले नदारद

जानकारी के अनुसार, कुरूद थाना प्रभारी ने पुलिस अधीक्षक को भेजी गई रिपोर्ट में बताया कि मरौद टोल प्लाजा के पास आरक्षक पवन बर्मन पर एक ट्रक चालक के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट करने का आरोप लगा है। शिकायत मिलने के बाद जब मामले की जांच की गई तो संबंधित आरक्षक अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर भी मौजूद नहीं मिले।

अनुशासनहीनता पर एसपी का कड़ा रुख

मामले को गंभीर मानते हुए एसपी सूरज सिंह परिहार ने प्रथम दृष्टया आरक्षक के आचरण को पुलिस अनुशासन और सेवा नियमों के विपरीत माना। इसी आधार पर तत्काल निलंबन की कार्रवाई करते हुए विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस कर्मियों को स्पष्ट संदेश, जनता से दुर्व्यवहार नहीं होगा बर्दाश्त

इस कार्रवाई के साथ पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आम नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि या जनता के साथ अनुचित व्यवहार को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment