डबल इंजन सरकार की विफलताओं के खिलाफ कांग्रेस का जनआक्रोश
अर्जुंदा। प्रदेश और केंद्र की भाजपा सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों, विकास कार्यों में उदासीनता, बढ़ती महंगाई, बिगड़ती कानून व्यवस्था और जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को दाऊ चौक अर्जुंदा में विधानसभा स्तरीय विशाल धरना-प्रदर्शन, रैली एवं चक्काजाम किया। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का पुतला दहन किया गया।
गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद के नेतृत्व में आयोजित आंदोलन में कांग्रेस के अनुसार करीब 5 हजार किसान, युवा, महिलाएं, मजदूर, व्यापारी एवं कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
विधायक कुंवर सिंह निषाद ने आरोप लगाया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार विज्ञापनों और प्रचार के सहारे शासन चला रही है, जबकि जमीनी स्तर पर विकास कार्य ठप हैं। उन्होंने कहा कि गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र की अनेक सड़कें वर्षों से जर्जर हैं, लेकिन निर्माण कार्यों के लिए पर्याप्त राशि स्वीकृत नहीं की जा रही है। बजट में प्रावधान होने के बावजूद प्रशासकीय स्वीकृति नहीं मिलने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों एवं आवश्यक संसाधनों की कमी के कारण ग्रामीणों को उपचार के लिए भटकना पड़ रहा है। विधायक ने प्रदेश में अपराध, हत्या, लूट, चोरी, महिलाओं के विरुद्ध अपराध और नशे के कारोबार में बढ़ोतरी का आरोप लगाते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए।
विधायक निषाद ने एक पूर्व कांग्रेसी नेता के भाजपा में जाने के बाद कांग्रेस पर लगाए जा रहे आरोपों पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता अर्जुंदा में बड़ी संख्या में एकजुट होकर अपनी ताकत दिखा रहा है। उन्होंने स्थानीय भाजपा नेताओं पर जुआ-सट्टा के कथित अवैध कारोबार को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया।
बिजली दरों और स्मार्ट मीटर को लेकर सरकार पर निशाना
जिला कांग्रेस कमेटी बालोद अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को राहत देने वाली 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना बंद कर दी, जिससे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। उन्होंने बिजली दरों में वृद्धि और स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं को परेशान किए जाने का आरोप लगाया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गुंडरदेही अध्यक्ष कचरू साहू एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देवरी अध्यक्ष संजीव चौधरी ने किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर खाद, बीज और सिंचाई की पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। एग्रीटेक पोर्टल में संयुक्त खाताधारकों के अनिवार्य पंजीयन तथा वैज्ञानिक अनुशंसा के आधार पर खाद की मात्रा में कटौती से किसान परेशान हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के बजाय सरकार केवल घोषणाएं कर रही है। दोनों नेताओं ने आगामी समय में गुंडरदेही और देवरी ब्लॉक में भी आंदोलन किए जाने की बात कही।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अर्जुंदा अध्यक्ष जीवन बंदे ने आरोप लगाया कि अर्जुंदा नगर पंचायत सहित क्षेत्र के कई विकास कार्य, जिन्हें पूर्व में स्वीकृति मिल चुकी थी, रोक दिए गए हैं अथवा उनकी गति धीमी कर दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार राजनीतिक द्वेष के कारण कांग्रेस शासनकाल में स्वीकृत जनहितकारी योजनाओं को प्रभावित कर रही है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता ने डबल इंजन सरकार से विकास, रोजगार और सुशासन की उम्मीद की थी, लेकिन महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और जनसमस्याओं की अनदेखी देखने को मिल रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनता की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। कांग्रेस ने कहा कि पार्टी सड़क से लेकर सदन तक जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी।
बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
धरना-प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी बालोद की पूर्व अध्यक्ष चन्द्रप्रभा सुधाकर, कृष्णा दुबे, जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष सोना देवी देशलहरा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष बालोद विकास चोपड़ा, प्रदेश प्रतिनिधि कोदू राम दिल्लीवार, राजेश बाफना, पीयूष सोनी, वरिष्ठ नेता प्रकाश नाहटा, जिला पंचायत सदस्य गुलशन चंद्राकर, मीना उमाशंकर साहू, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम पटेल, संतु राम पटेल, हरीश चंद्राकर, शीबू नायर, संजय बारले, प्रकाश आर्य, खेमिन ढाले, महामंत्री भोजराज साहू, सलीम खान, चुकेश्वर साहू, मेघनाथ साहू, केशव शर्मा, युवराज साहू, शंभू साहू, कोमेश कोर्राम, ललिता भुआर्य, निर्मला पाटिल, प्रवक्ता यज्ञदेव पटेल, मोंटू चंद्राकर, ब्लॉक अध्यक्ष बालोद शहर अंचल प्रकाश साहू, बालोद नरेंद्र सिन्हा, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रशांत बोकडे, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस जिलाध्यक्ष केके राजू चंद्राकर, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष जागृत सोनकर, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष संजय साहू, भूपेंद्र चंद्राकर, नुरुल्ला खान, तरुण पारकर, जगदीश चांडक, सेवाराम पिपरिया, अश्वनी सोनकर, रेवाराम सिन्हा, ब्लॉक महामंत्री अर्जुंदा विनय साहू, शिवेंद्र देशमुख, मंडल अध्यक्ष सलीम खान, मानसिंह देशलहरा, तरुण साहू, रूपचंद जैन, वागीश बंजारे, कुलेश्वर देशमुख, दुर्गा ठाकुर, ललित हिरवानी, इंदरमन देशमुख, नगर पंचायत अर्जुंदा उपाध्यक्ष अनुभव शर्मा, जनपद सदस्य आसिफ गहलोत, रामेश्वर चंद्राकर, रीना देशमुख, टुकेश्वरी साहू, रिजवान तिगाला, दीपेश चावड़ा, अभिषेक यादव, उस्मान रजा, प्रवेश जैन, हरिशंकर साहू, उषा साहू, तुपेश्वरी कौशल, दीपक सिन्हा, चित्रांश गेंद्रे एवं नगर कांग्रेस अध्यक्ष राजू पारख सहित बड़ी संख्या में निर्वाचित जनप्रतिनिधि, सेक्टर प्रभारी, बूथ अध्यक्ष, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, NSUI के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








