Dhaara News

नकली नोट से शराब खरीदने की कोशिश, चार फर्जी नोटों के साथ युवक गिरफ्तार

 छत्तीसगढ़ :  जांजगीर चांपा जिले में नकली नोट चलाने का मामला सामने आया है। अकलतरा थाना क्षेत्र में एक युवक देशी शराब दुकान पर 500 रुपये का नकली नोट देकर शराब खरीदने की कोशिश कर रहा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया।पुलिस ने आरोपी के पास से 500 रुपये के चार नकली नोट बरामद किए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

शराब दुकान में नकली नोट चलाने की मिली थी सूचना

पुलिस के अनुसार 20 जुलाई को सूचना मिली थी कि अकलतरा स्थित देशी मदिरा दुकान में एक युवक नकली नोट के जरिए शराब खरीदने का प्रयास कर रहा है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान युवक ने अपनी पहचान सत्येंद्र कुमार कुर्रे उर्फ सत्यम कुर्रे के रूप में बताई।

तलाशी में मिले 500 रुपये के चार फर्जी नोट

आरोपी सत्येंद्र कुमार कुर्रे सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के दोमुहानी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके पास से 500 रुपये के चार नोट बरामद किए।बरामद नोटों की जांच के लिए उन्हें अकलतरा स्थित भारतीय स्टेट बैंक भेजा गया, जहां सभी नोट नकली पाए गए।

सभी नोटों का सीरियल नंबर निकला एक जैसा

जांच में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई कि बरामद किए गए चारों नकली नोटों के सीरियल नंबर एक ही थे। इससे पुलिस का शक और गहरा गया।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ये नकली नोट रायपुर से लेकर आया था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोटों का नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है और इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment