बालोद। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज 25 अगस्त को डौंडीलोहारा के लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं। इसी बीच डौंडीलोहारा विधानसभा के एक सोशल मीडिया हैंडल पर सामने आई पोस्ट ने स्थानीय भाजपा की सियासत को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।
वायरल पोस्ट में सीधे भाजपा के वरिष्ठ नेता देवलाल ठाकुर से सवाल किया गया है— “कार्यकर्ता की अनदेखी क्यों साहब… जब चीफ मिनिस्टर आने वाला है तो सभी मोर्चा का अनदेखी क्यों?” खास बात यह है कि सवाल किसी विरोधी राजनीतिक मंच से नहीं, बल्कि विधानसभा से जुड़े सोशल मीडिया हैंडल पर ही उठाया गया है।
देवलाल ठाकुर भाजपा की राजनीति में सक्रिय और प्रभावशाली नाम माने जाते हैं तथा डौंडीलोहारा विधानसभा से पूर्व में प्रत्याशी भी रह चुके हैं। ऐसे में उनके नाम को लेकर सार्वजनिक रूप से सवाल उठना महज सोशल मीडिया पोस्ट नहीं, बल्कि संगठन के भीतर कार्यकर्ताओं की नाराजगी या संवाद की कमी का संकेत माना जा रहा है।
बालोद जिले में तीन विधानसभा सीटें हैं और तीनों पर वर्तमान में कांग्रेस के विधायक हैं। ऐसे राजनीतिक समीकरण में भाजपा के लिए संगठन और कार्यकर्ताओं की एकजुटता बेहद महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री के दौरे से ठीक पहले यदि पार्टी से जुड़े मंच पर ही कार्यकर्ताओं की अनदेखी का सवाल उठता है, तो यह भाजपा के स्थानीय संगठन के लिए निश्चित तौर पर चिंता का विषय है।
हालांकि, इस पोस्ट के आधार पर सीधे तौर पर भाजपा में अंदरूनी कलह का निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। लेकिन सवाल जरूर खड़ा होता है कि क्या स्थानीय कार्यकर्ताओं में असंतोष है? क्या संगठन और जमीनी कार्यकर्ताओं के बीच संवाद की कमी है? और क्या आने वाले चुनावों से पहले भाजपा इन मतभेदों को दूर कर पाएगी?

मुख्यमंत्री के आज के दौरे के बीच सोशल मीडिया पर उठे ये सवाल इसलिए भी अहम हैं, क्योंकि बड़े नेताओं के कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी संगठन की ताकत मानी जाती है। यदि कार्यकर्ताओं की नाराजगी सार्वजनिक मंचों तक पहुंचने लगे, तो इसका राजनीतिक असर आने वाले समय में देखने को मिल सकता है।
अब नजर इस बात पर है कि देवलाल ठाकुर या भाजपा संगठन इस पोस्ट और उठाए गए सवालों पर क्या प्रतिक्रिया देता है।
( हम इसे BJP का ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल है यह दावा हम नहीं कर रहे हैं हाँ इसी पेज से देवलाल ठाकुर और भाजपा के समर्थन में कई पोस्ट सोशल मीडिया हैंडल से किए गए हैं।)







