Dhaara News

गरियाबंद में भालू का हमला, घायल ग्रामीण को मिली तुरंत मदद

छत्तीसगढ़ : के गरियाबंद जिले में एक बार फिर वन्यजीव और मानव संघर्ष की घटना सामने आई है। भालू हमला गरियाबंद के इस मामले में वनमंडल के परसुली वन परिक्षेत्र के बाघमार परिसर में एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्राम कोचईमुड़ा निवासी 45 वर्षीय पुराणिक यादव पर आज सुबह करीब 6 बजे भालू ने हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गए। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल पुराणिक यादव को प्राथमिक उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गरियाबंद पहुंचाया। इसके बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल रेफर कर दिया। इस बीच, वन मंत्री केदार कश्यप ने घटना पर संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायल के इलाज में किसी तरह की कमी न हो और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए यादव को प्रारंभिक सहायता राशि भी प्रदान की है और कर्मचारी लगातार उनके साथ रहकर मदद कर रहे हैं। वन विभाग के अनुसार, शासन की जनहितैषी योजनाओं के तहत वन्यप्राणी हमले में घायल व्यक्तियों को अधिकतम 59,100 रुपये तक की सहायता राशि देने का प्रावधान है। इसके अलावा इलाज और दवाइयों का पूरा खर्च भी सरकार द्वारा उठाया जाता है।
dhaaranews
Author: dhaaranews

Leave a Comment