Dhaara News

दुर्ग जनपद में भाजपा का कुनबा बढ़ा, दो निर्दलीय जनपद सदस्यों ने थामा पार्टी का दामन

 

 

लोमस चंद्राकर और नंदकुमार साहू के भाजपा में शामिल , गले में डाला भगवा गमछा; सदस्यता ग्रहण की तस्वीर आई सामने

दुर्ग। दुर्ग जनपद पंचायत की राजनीति में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया। जनपद पंचायत चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीत हासिल करने वाले दो जनपद सदस्यों लोमस चंद्राकर और नंदकुमार साहू के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की जानकारी सामने आई है। दोनों की भाजपा नेताओं के साथ मौजूदगी और भगवा गमछा पहने तस्वीर सामने आई है

बताया जा रहा है कि लोमस चंद्राकर ने जनपद पंचायत चुनाव में तत्कालीन जनपद पंचायत अध्यक्ष देवेंद्र देशमुख को हराकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज की थी। इसके बाद उन्हें जनपद पंचायत में सभापति की जिम्मेदारी मिली। लोमस चंद्राकर इससे पहले कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में संचालित राजीव युवा मितान क्लब से भी जुड़े रहे हैं। ग्राम कुथरेल के उपसरपंच भी रह चुके हैं पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू के साथ उनके कई पुराने सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा में रहे हैं।

वहीं नंदकुमार साहू ने रसमड़ा औद्योगिक क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जनपद सदस्य का चुनाव जीता था।

बड़े नेताओं की मौजूदगी में भाजपा प्रवेश की चर्चा

मंगलवार को सामने आई तस्वीर में दोनों जनपद सदस्य भगवा गमछा पहने नजर आ रहे हैं। तस्वीर को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि दोनों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। हालांकि, सदस्यता कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं की ओर से आधिकारिक घोषणा लगभग की जा चुकी है

दोनों सदस्यों के भाजपा से जुड़ने की चर्चा के बाद दुर्ग जनपद पंचायत के राजनीतिक समीकरणों को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई हैं, राजनीतिक पाला बदलने को जनपद की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।

भाजपा समर्थकों के बीच इसे संगठन के विस्तार के रूप में देखा जा रहा है, जबकि स्थानीय राजनीतिक हलकों में आने वाले समय में इसके जनपद पंचायत की राजनीति पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

सोशल मीडिया पर तस्वीर बनी चर्चा का विषय

दोनों नेताओं की भाजपा नेताओं के साथ सामने आई तस्वीर के बाद सोशल मीडिया पर भी तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। भगवा गमछे के साथ नजर आ रहे दोनों जनपद सदस्यों की तस्वीर को समर्थकों द्वारा साझा किया जा रहा है। इससे दुर्ग जनपद और दुर्ग ग्रामीण की राजनीति में आने वाले दिनों में नए समीकरण बनने की चर्चाओं को बल मिला है।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment