Dhaara News

बर्थडे पार्टी के बाद खूनी विवाद: दोस्त ने चाकू से किया हमला, पुलिस ने दर्ज किया मामला, बढ़ सकती हैं और धाराएं

Risali। जन्मदिन की पार्टी के बाद दोस्तों के बीच हुआ विवाद खूनी झड़प में बदल गया। उतई थाना क्षेत्र के खम्हरिया स्थित एक निर्माणाधीन मकान में कथित रूप से शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपने ही साथी पर सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक के बाएं हाथ में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे अस्पताल में उपचार कराना पड़ा।
पीड़ित द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 12 जुलाई को अपने किसी मित्र का जन्मदिन मनाने के बाद 13 जुलाई को सभी साथी निर्माणाधीन मकान की साफ-सफाई और भोजन के लिए दोबारा एकत्र हुए थे। शाम करीब 5 बजे घर लौटने की तैयारी के दौरान आरोपी प्रमोद चौधरी उर्फ ‘पौधा’ ने कथित रूप से शराब के नशे में गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया, जिससे पीड़ित के बाएं हाथ से खून बहने लगा। देवेश को गंभीर चोट आई है खबर है कि उनके हाथ की उंगलियां काम नहीं कर रही है।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी के रूप में बृजेन्द्र कुमार उपाध्याय और विपिन सिंह सिरसाम के नाम सामने आए हैं। घायल युवक ने शंकराचार्य अस्पताल में उपचार कराने के बाद उतई थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी प्रमोद चौधरी उर्फ पौधा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296 तथा 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, मामले की गंभीरता, चाकू के इस्तेमाल, चोट की प्रकृति तथा मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस जांच के दौरान प्रकरण में अन्य उपयुक्त धाराएं भी जोड़ सकती है। यदि जांच में गंभीर चोट पहुंचाने या अन्य अपराध के तत्व सामने आते हैं, तो आरोपी पर और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
फिलहाल उतई थाना पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment