Dhaara News

BREAKING : डिप्टी कलेक्टर करुण डहरिया निलंबित, ग्रामीण की हत्या मामले में गिरफ्तारी के बाद लिया गया एक्शन

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी के डिप्टी कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) करुण डहरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई हत्या के एक मामले में उनकी गिरफ्तारी के बाद की गई है।

जारी आदेश के अनुसार, थाना कोदोंथा, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज में दर्ज अपराध क्रमांक 03/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 103(1), 115(2) और 3(5) के प्रकरण में 16 फरवरी 2026 को कृष्ण उडेरिया को गिरफ्तार किया गया। न्यायालय के आदेश पर उन्हें जिला जेल रामानुजगंज में निरुद्ध किया गया है।

मामला ग्राम हंसपुर, थाना कोदोंथा क्षेत्र का है, जहां बॉक्साइट के अवैध परिवहन की सूचना पर जांच के दौरान तीन व्यक्तियों के साथ मारपीट की घटना हुई थी। इस घटना में 62 वर्षीय राम उर्फ रामनरेश की मृत्यु हो गई थी। मामले की जानकारी कलेक्टर बलरामपुर-रामानुजगंज द्वारा शासन को भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर दी गई।

छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत शासन ने करुण डहरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय आयुक्त, सरगुजा संभाग, अंबिकापुर निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

dhaaranews
Author: dhaaranews

Leave a Comment