Dhaara News

दुर्ग में कारोबारी पर चाकू से जानलेवा हमला, बीच-बचाव करने आया दोस्त भी घायल; जेसीबी चालक पर गंभीर आरोप

दुर्ग। जिले के पदमनाभपुर थाना क्षेत्र के ग्राम धनोरा में चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। चंद्राकर स्टील के पीछे बैठे कारोबारी और उसके दोस्तों पर कथित तौर पर कारोबारी के ही जेसीबी चालक ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में कारोबारी मोहित चंद्राकर और बीच-बचाव करने पहुंचे उसके दोस्त जितेन्द्र कुमार साहू घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए दुर्ग के सांई अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार घटना 30 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:45 बजे की है। मोहित चंद्राकर अपने दोस्त जितेन्द्र कुमार साहू, खुबचंद साहू और जितेंद्र टंडन के साथ चंद्राकर स्टील के पीछे बैठा हुआ था। इसी दौरान उसका जेसीबी चालक रोशन कुमार नेताम कथित तौर पर शराब के नशे में वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा।

शिकायत में बताया गया है कि मोहित चंद्राकर ने उसे गाली देने से मना करते हुए अपने कमरे में जाकर सोने के लिए कहा। इसके बाद आरोपी रोशन नेताम अपने कमरे में गया और हाथ में चाकू लेकर वापस आया। आरोप है कि उसने जान से मारने की नीयत से मोहित चंद्राकर पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में मोहित के बाएं कान के ऊपर और दाहिनी बांह में चोट आई।

इस दौरान मोहित का दोस्त जितेन्द्र कुमार साहू बीच-बचाव करने पहुंचा तो उस पर भी चाकू से हमला किए जाने का आरोप है। जितेन्द्र के दाहिने गर्दन और दोनों हाथों की उंगलियों में चोट आई है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घायल मोहित और जितेन्द्र को उनके दोस्तों खुबचंद साहू और जितेंद्र टंडन सहित अन्य लोगों ने वाहन से सांई अस्पताल, केलाबाड़ी कसारीडीह दुर्ग पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

मोहित चंद्राकर की शिकायत पर पदमनाभपुर थाना पुलिस ने आरोपी रोशन कुमार नेताम के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।

शराब के नशे में विवाद से चाकूबाजी तक पहुंचा मामला

इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि मामूली विवाद किस तरह हिंसक रूप ले सकता है। कारोबारी के ही चालक पर जानलेवा हमले का आरोप लगने से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। अब पुलिस जांच और आरोपी के विरुद्ध आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment