Dhaara News

CG : अंबिकापुर में दो दर्दनाक घटनाएं, 11 माह के मासूम की बाल्टी में डूबने से मौत, बांध में मिला बच्चे का शव

अंबिकापुर। अंबिकापुर शहर से शनिवार सुबह एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। लक्ष्मीपुर क्षेत्र में माता पिता के बीच सो रहा 11 माह का मासूम अचानक लापता हो गया और कुछ ही देर बाद घर के अंदर पानी से भरी बाल्टी में मृत मिला।

सुबह उठते ही मचा हड़कंप

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से उदयपुर क्षेत्र के ग्राम झिरमिट्टी निवासी दीपक तिर्की अपने परिवार के साथ लक्ष्मीपुर में किराए के मकान में रहता है। वह एक ढाबे में चौकीदार के रूप में काम करता है।

घटना की रात वह देर रात ड्यूटी से घर लौटा था। उस समय उसका बेटा अंश जाग गया था और कुछ देर पिता के साथ रहा। बाद में बच्चे को माता पिता के बीच सुला दिया गया।

सुबह करीब चार बजे जब मां सुनीता की नींद खुली, तो उसने पाया कि बच्चा बिस्तर पर नहीं है। घबराहट में जब उसने घर के भीतर तलाश शुरू की, तो मासूम पानी से भरी बाल्टी में सिर के बल गिरा मिला।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के बाद परिजन तत्काल बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

लखनपुर में भी मिला बच्चे का शव

इसी दिन लखनपुर क्षेत्र से भी एक हृदयविदारक घटना सामने आई। नरकालो बांध में मछली पकड़ने के दौरान जाल में एक बच्चे का शव फंसा मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

नहाने गया बच्चा लौटा नहीं

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ग्राम मांजा धवईटकरा निवासी एक व्यक्ति अपने बेटे आकाश के साथ मवेशी लेने निकला था। रास्ते में बच्चा घर लौटने की बात कहकर अलग हो गया, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा।

बाद में जब बांध में जाल डाला गया, तो उसमें उसी बच्चे का शव बरामद हुआ। मौके पर पहुंचे पिता ने कपड़ों से अपने बेटे की पहचान की, जिसके बाद माहौल गमगीन हो गया।

जांच में जुटी पुलिस, शोक में डूबा इलाका

दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर इन्हें हादसा माना जा रहा है, लेकिन हर पहलू से जांच की जा रही है।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment