रायपुर:भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने राष्ट्रीय संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया है. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की नई टीम में छत्तीसगढ़ के दो प्रमुख नेताओं को बेहद महत्वपूर्ण और राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। महासमुंद लोकसभा सीट से कद्दावर सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही, छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रमुख डिजिटल रणनीतिकार दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक की अहम जिम्मेदारी दी गई है।
*ताम्रध्वज साहू को हराने वाली रूप कुमारी चौधरी को बड़ी जिम्मेदारी*
छत्तीसगढ़ के संसदीय इतिहास में रूप कुमारी चौधरी का नाम बेहद खास है। उन्होंने हालिया लोकसभा चुनाव में महासमुंद सीट से कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू को 1 लाख 45 हजार से अधिक वोटों के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी थी। आरएसएस (RSS) बैकग्राउंड से आने वाली रूप कुमारी चौधरी संगठन के कार्यों में बेहद माहिर मानी जाती हैं। वर्ष 2013 में बसना सीट से पहली बार विधायक चुनी जाने वाली चौधरी संसदीय सचिव और महासमुंद की जिला भाजपा अध्यक्ष जैसी भूमिकाएं भी बखूबी निभा चुकी हैं।
महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कमान मिलने के बाद उन्होंने राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा, “संगठन ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, मैं पूरी निष्ठा के साथ देश भर में मातृशक्ति के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के लिए कार्य योजना बनाकर जमीनी स्तर पर काम करूंगी।”
*अमित मालवीय की जगह दीपक म्हस्के संभालेंगे सोशल मीडिया की कमान*
पार्टी ने अपनी डिजिटल और आईटी विंग में बड़ा बदलाव करते हुए अमित मालवीय की जगह छत्तीसगढ़ के दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक नियुक्त किया है। दीपक म्हस्के छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष (कैबिनेट राज्यमंत्री दर्जा) रह चुके हैं। वे पिछले 15 वर्षों से पार्टी के आईटी और सोशल मीडिया अभियानों को धार दे रहे हैं। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के पीछे उनके डिजिटल कैंपेन और सोशल मीडिया रणनीतियों की बड़ी भूमिका रही है। राष्ट्रीय स्तर पर यह जिम्मेदारी मिलने के बाद म्हस्के ने कहा कि वे आने वाले चुनावों और डिजिटल चुनौतियों के लिए टीम के साथ मिलकर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।
*मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई*
छत्तीसगढ़ के नेताओं को राष्ट्रीय टीम में इतनी बड़ी हिस्सेदारी मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुशी जाहिर की है। मुख्यमंत्री ने दोनों नेताओं को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटी को राष्ट्रीय महिला मोर्चा की कमान मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने विश्वास जताया कि दीपक म्हस्के के नेतृत्व में संगठन का डिजिटल संवाद और अधिक आक्रामक व प्रभावी साबित होगा।
इन दोनों नियुक्तियों से स्पष्ट है कि भाजपा आगामी राज्य विधानसभा चुनावों और सांगठनिक मजबूती के लिए छत्तीसगढ़ के नेतृत्व और उनकी रणनीतिक क्षमताओं पर बड़ा भरोसा जता रही है।







