छत्तीसगढ़ : इस साल अपना 26वां स्थापना दिवस मनाने जा रहा है। इस अवसर पर राजधानी क्षेत्र नवा रायपुर के तूता मैदान में 1 से 3 नवंबर तक राज्य स्तरीय राज्योत्सव आयोजित होगा। कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया शामिल होंगे, जबकि समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मौजूद रहेंगे। पिछले साल राज्य के 25वें स्थापना दिवस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए थे।
इस बार की थीम होगी सशक्त नारी-युवा उड़ान
छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस 2026 के लिए सशक्त नारी-युवा उड़ान थीम तय की गई है। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ राज्य की कला और परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।कार्यक्रम के पहले दिन यानी 1 नवंबर को गायिका पलक मुच्छाल प्रस्तुति देंगी। 2 नवंबर को स्वस्ति मेहुल और 3 नवंबर को अभिजीत भट्टाचार्य मंच पर अपनी प्रस्तुति देंगे। इनके अलावा छत्तीसगढ़ के स्थानीय कलाकार और लोक कलाकार भी अपनी कला के जरिए प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करेंगे।
सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम दिखाएगी हवाई करतब
राज्योत्सव के आकर्षणों में एयर शो भी शामिल रहेगा। नवा रायपुर स्थित सेंध लेक में 2 नवंबर को सारंग हेलीकॉप्टर और सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम के हवाई प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।कार्यक्रम के तहत सूर्यकिरण टीम के नौ विमान करीब 40 मिनट तक आसमान में अलग-अलग फॉर्मेशन बनाकर करतब दिखाएंगे। आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कलेक्टर गौरव सिंह ने शनिवार को व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
40 प्रतिभाओं को मिलेगा राज्य स्तरीय अलंकरण
राज्योत्सव के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 40 हस्तियों को राज्य स्तरीय अलंकरण पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इस सम्मान के जरिए प्रदेश की उन प्रतिभाओं और व्यक्तियों के कार्यों को पहचान दी जाएगी, जिन्होंने अपने क्षेत्र में विशेष योगदान दिया है।
प्रदर्शनियों के जरिए विकास कार्यों की झलक
तीन दिवसीय आयोजन में अलग-अलग विषयों पर आधारित प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। इनमें ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मानव पूंजी विकास, विकसित भारत और अंजोर छत्तीसगढ़ जैसे विषय शामिल होंगे।इन प्रदर्शनियों के माध्यम से निवेश, रोजगार, अधोसंरचना और जनकल्याण से जुड़े कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। इसका उद्देश्य राज्य में हुए विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं को आम जनता के सामने प्रस्तुत करना है।
1 नवंबर 2000 को अस्तित्व में आया था छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ हर साल 1 नवंबर को अपना स्थापना दिवस मनाता है। इसी दिन वर्ष 2000 में मध्य प्रदेश से अलग होकर छत्तीसगढ़ एक नए राज्य के रूप में अस्तित्व में आया था।स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी क्षेत्र में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित होता है। इसके साथ ही प्रदेश के अलग-अलग जिलों में भी सांस्कृतिक और अन्य कार्यक्रमों के जरिए राज्य के गठन का उत्सव मनाया जाता है। इस बार भी तीन दिनों तक चलने वाला राज्योत्सव सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, हवाई करतबों, सम्मान समारोह और विकास प्रदर्शनियों का प्रमुख केंद्र रहेगा।








