Dhaara News

छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी को CM विष्णुदेव साय ने दी टाटा सिएरा कार, महिला वर्ल्ड कप जीत पर सम्मान

Raipur News: छत्तीसगढ़ की बेटी और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट आकांक्षा सत्यवंशी को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विशेष सम्मान दिया है। नवा रायपुर स्थित अपने निवास में आयोजित एक गरिमामय समारोह में मुख्यमंत्री ने उन्हें टाटा सिएरा एसयूवी कार उपहार स्वरूप भेंट की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आकांक्षा को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने विश्व कप जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने महिला क्रिकेट टीम के सम्मान में टाटा मोटर्स द्वारा कार उपहार देने की पहल की भी सराहना की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में खेल अधोसंरचना के विकास से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिल रहा है, जिसका परिणाम है कि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों के माध्यम से दूरदराज क्षेत्रों के युवा भी खेलों से जुड़ रहे हैं। साथ ही नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी मिलने से भी राज्य में खेलों का माहौल और मजबूत हुआ है।

वहीं आकांक्षा सत्यवंशी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विश्व कप जीतकर लौटने के बाद मुख्यमंत्री ने पूरी टीम का उत्साहवर्धन किया और उन्हें व्यक्तिगत रूप से मिलने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का स्नेह और प्रोत्साहन उनके लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

आकांक्षा ने कहा कि मुख्यमंत्री से यह सम्मान प्राप्त करना उनके जीवन का यादगार पल है। उन्होंने टीम के साथ अपनी भूमिका और विश्व कप जीत की यात्रा से जुड़े अनुभव भी साझा किए।

dhaaranews
Author: dhaaranews

Leave a Comment