Dhaara News

पीएम मोदी की शुभकामनाओं पर सीएम साय ने जताया आभार, बोले- अटल जी के सपनों का छत्तीसगढ़ बनाएगी सरकार

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से मिली शुभकामनाओं के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आभार जताया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की माटी, समृद्ध संस्कृति और मेहनतकश जनता के प्रति प्रधानमंत्री का स्नेह प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उनका मार्गदर्शन राज्य को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री की शुभकामनाएं प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और विकास की यात्रा के प्रति उनके जुड़ाव को दर्शाती है। उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्रों में बदलाव का उल्लेख

सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ शांति, विश्वास और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ जारी प्रयासों और बस्तर में आ रहे बदलाव को राज्य की विकास यात्रा का अहम हिस्सा बताया। उनके अनुसार, प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ सड़क, संचार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार भी महत्वपूर्ण है।

किसानों की समृद्धि और महिला सशक्तिकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने किसानों की खुशहाली को प्रदेश की प्रगति का प्रमुख आधार बताया। कृषि प्रधान छत्तीसगढ़ में धान उत्पादन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती विकास की अहम प्राथमिकताएं है। उन्होंने महिलाओं की बढ़ती आर्थिक और सामाजिक भागीदारी का जिक्र करते हुए कहा कि माताओं और बहनों का सशक्तिकरण राज्य में हो रहे सकारात्मक बदलाव का महत्वपूर्ण पक्ष है।

आधुनिक सुविधाओं के विस्तार से विकास को गति

साय ने सड़क, संपर्क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को भी राज्य की बदलती तस्वीर से जोड़ा। उन्होंने कहा कि आधुनिक अधोसंरचना प्रदेश की आर्थिक, औद्योगिक और सामाजिक प्रगति के लिए जरूरी है।

अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों का छत्तीसगढ़ बनाने का संकल्प

राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को भी याद किया। छत्तीसगढ़ का गठन 1 नवंबर 2000 को उनके नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के कार्यकाल में हुआ था। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अटल बिहारी वाजपेयी के समृद्ध छत्तीसगढ़ के सपने को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने इस लक्ष्य को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प से जोड़ते हुए कहा कि प्रदेश का विकास इसी व्यापक राष्ट्रीय दृष्टि के अनुरूप आगे बढ़ाया जाएगा।

प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन को बताया नई ऊर्जा का स्रोत

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री का स्नेह, भरोसा और मार्गदर्शन छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में प्रेरक भूमिका निभाता रहेगा। अपने संदेश के अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रति दोबारा आभार जताते हुए सादर जोहार और जय छत्तीसगढ़ का संदेश दिया।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment