भोपाल-इंदौर: मध्य प्रदेश से दिल्ली-एनसीआर की ओर रेल यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के चलते भोपाल, इंदौर, इटारसी और बीना से होकर गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों का फरीदाबाद स्टेशन पर ठहराव अस्थायी रूप से बंद किया जा रहा है।यह बदलाव अलग-अलग ट्रेनों के लिए 30 अगस्त से 15 अक्टूबर 2026 तक प्रभावी रहेगा। इस अवधि में ट्रेनें अपने निर्धारित मार्ग पर चलती रहेंगी, लेकिन फरीदाबाद स्टेशन पर यात्रियों के लिए ठहराव नहीं होगा। ऐसे में इस रूट पर यात्रा करने वालों को पहले से अपनी योजना जांच लेना जरूरी है।
स्टेशन पर बड़े काम के चलते लिया गया फैसला
फरीदाबाद स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 और 3 के साथ लाइन नंबर 4 और 5 पर पुनर्विकास से जुड़ा काम किया जा रहा है। इसके लिए पावर और ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा।रेलवे के मुताबिक निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए संबंधित ट्रेनों के फरीदाबाद स्टेशन पर ठहराव को कुछ समय के लिए हटाया गया है।
इन ट्रेनों का फरीदाबाद में नहीं होगा ठहराव
- मालवा एक्सप्रेस 12919: 31 अगस्त से 14 अक्टूबर
- उज्जैनी एक्सप्रेस 14309 और 14317: 31 अगस्त से 14 अक्टूबर
- जीटी एक्सप्रेस 12615: 30 अगस्त से 13 अक्टूबर
- पुरी-ऋषिकेश एक्सप्रेस 18477: 30 अगस्त से 13 अक्टूबर
- केरल एक्सप्रेस 12625: 30 अगस्त से 13 अक्टूबर
- पुणे-जम्मूतवी एक्सप्रेस 11077: 31 अगस्त से 14 अक्टूबर
- पंजाब मेल 12138: 31 अगस्त से 14 अक्टूबर
- कटरा-जबलपुर एक्सप्रेस 11450: 31 अगस्त से 14 अक्टूबर
- अंडमान एक्सप्रेस 16032: 31 अगस्त से 14 अक्टूबर
- हिमसागर एक्सप्रेस 16318: 31 अगस्त से 14 अक्टूबर
- मालवा एक्सप्रेस 12920: 1 सितंबर से 15 अक्टूबर
- अमृतसर-इंदौर एक्सप्रेस 19326: 1 सितंबर से 15 अक्टूबर
- हरिद्वार-बांद्रा एक्सप्रेस 19020: 1 सितंबर से 15 अक्टूबर
- ऊना हिमाचल-इंदौर एक्सप्रेस 19308: 1 सितंबर से 15 अक्टूबर
यात्रा से पहले एक बार जरूर जांच लें ट्रेन का स्टॉपेज
अलग-अलग ट्रेनों के लिए ठहराव बंद रहने की अवधि अलग है। इसलिए यात्रियों को केवल तारीख देखकर यात्रा की योजना नहीं बनानी चाहिए। अपनी ट्रेन का फरीदाबाद में स्टॉपेज है या नहीं, इसकी यात्रा से पहले पुष्टि करना बेहतर रहेगा।रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम यानी NTES ऐप या रेलवे हेल्पलाइन 139 के माध्यम से ट्रेन की ताजा स्थिति और ठहराव की जानकारी जरूर जांच लें।इस दौरान फरीदाबाद उतरने वाले यात्रियों को वैकल्पिक स्टेशन और आगे की कनेक्टिविटी की योजना पहले से बनाकर चलना चाहिए, ताकि यात्रा के समय अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।







