रायपुर : छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, ईडी की टीम ने रायपुर और दुर्ग में छापेमारी की है। रायपुर में सुबह करीब 4 बजे पंडरी और रविनगर इलाके में अधिकारी पहुंचे। रविनगर स्थित डागा निवास पर भी टीम के पहुंचने की जानकारी मिली है।
दो गाड़ियों में पहुंचे अधिकारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार्रवाई में दो गाड़ियों से पहुंचे छह से अधिक अधिकारी शामिल है। बताया जा रहा है कि जांच का संबंध जमीन के लेन-देन और ज्वेलरी कारोबार से हो सकता है। डागा परिवार के ज्वेलरी व्यवसाय से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आई है।
सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीम जमीन के सौदों से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल कर रही है। हालांकि, जांच के दायरे और कार्रवाई के पीछे की वजह को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
कार्रवाई के कारण और बरामदगी की जानकारी का इंतजार
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि रायपुर और दुर्ग में की गई कार्रवाई किस मामले से संबंधित है। तलाशी के दौरान अधिकारियों को कोई दस्तावेज, नकदी या अन्य सामग्री मिली है या नहीं, इसकी भी पुष्टि नहीं हुई है। मामले में ईडी की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही कार्रवाई की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।








