Dhaara News

डुंडेरा में हरेली महोत्सव का बड़ा आयोजन, चुनावी हलचल के बीच जुटेंगे दावेदार

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल होंगे मुख्य अतिथि, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू करेंगे अध्यक्षता

उतई। रिसाली नगर निगम चुनाव से करीब दो महीने पहले डुंडेरा में 12 अगस्त को हरेली महोत्सव का बड़ा आयोजन होने जा रहा है। आयोजन में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। ऐसे में हरेली महोत्सव के बहाने डुंडेरा में राजनीतिक गतिविधियां भी तेज होने की संभावना है।

हरेली महोत्सव में रिसाली क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। नगर निगम चुनाव को लेकर पार्षद और महापौर पद के संभावित दावेदार भी कार्यक्रम में नजर आ सकते हैं। चुनाव के ठीक पहले हो रहे इस आयोजन को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ होंगे पारंपरिक खेल

हरेली महोत्सव के संयोजक पवन बंजारे ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ की परंपरा और संस्कृति को जीवंत रखने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कार्यक्रम में कर्मा, दादरिया और पंथी जैसे पारंपरिक लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां होंगी। इसके अलावा विभिन्न पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। पूजा-विधान के साथ हरेली पर्व की परंपराओं का निर्वहन भी किया जाएगा।

डुंडेरा में पहली बार पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आगमन को लेकर भी आयोजकों और क्षेत्रवासियों में उत्साह है।

अधिकांश अतिथि कांग्रेस से जुड़े

हरेली महोत्सव के प्रमुख अतिथियों में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू के अलावा सतीश यादव, पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, रामेश्वरी दिवाकर गायकवाड़, बंटी हरमुख, राकेश हिरवानी, केशव बंछोर सहित अन्य कांग्रेस नेताओं को आमंत्रित किया गया है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सांस्कृतिक आयोजन के साथ-साथ चुनावी माहौल में इसकी राजनीतिक चर्चा भी होना स्वाभाविक माना जा रहा है।

पार्षद और महापौर पद के दावेदारों पर रहेगी नजर

रिसाली नगर निगम चुनाव को लेकर संभावित दावेदारों की सक्रियता बढ़ने लगी है। ऐसे में डुंडेरा के हरेली महोत्सव में पार्षद और महापौर पद के इच्छुक नेताओं की मौजूदगी भी चर्चा का विषय बन सकती है। क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां बढ़ने के साथ इस कार्यक्रम को दावेदारों के लिए जनसंपर्क का एक बड़ा अवसर भी माना जा रहा है।

कार्यक्रम परंपरा के अनुसार होगा, राजनीति की कोई बात नहीं” — पवन बंजारे

आयोजन के संयोजक पवन बंजारे ने कहा कि हरेली महोत्सव का आयोजन पूरी तरह से छत्तीसगढ़ की परंपरा और संस्कृति को जीवित रखने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित अन्य अतिथि शामिल होंगे, लेकिन आयोजन का उद्देश्य राजनीतिक गतिविधि नहीं, बल्कि सांस्कृतिक परंपराओं का संरक्षण है। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पारंपरिक खेल प्रतियोगिताएं और पूजा-विधान प्रमुख रूप से शामिल होंगे।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment