अंडा। ग्राम कुथरेल स्थित अपना ढाबा एक बार फिर सवालों के घेरे में है। अंडा पुलिस ने ढाबे के पास कार्रवाई करते हुए संचालक ढालसिंह साहू (38 वर्ष) को 30 पौवा देशी मसाला शराब के साथ पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से 180 एमएल वाली 30 पौवा शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 5.400 बल्क लीटर और कीमत करीब 3 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 15 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद प्रधान आरक्षक दिलीप राउत के नेतृत्व में पुलिस टीम ग्राम कुथरेल पहुंची। अपना ढाबा के पास मुखबिर के बताए हुलिए के व्यक्ति को सफेद प्लास्टिक बोरी के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में उसकी पहचान ढालसिंह साहू के रूप में हुई। बोरी की तलाशी लेने पर उसमें 30 पौवा देशी मसाला शराब मिली।
पुलिस ने शराब को जब्त कर आबकारी कार्यालय में परीक्षण के लिए सीलबंद किया तथा आरोपी को धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर कार्रवाई की। मामले में अंडा थाने में अपराध कायम कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
ढाबा या शराब बिक्री का ठिकाना?
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब सवाल उठ रहा है कि आखिर अपना ढाबा सिर्फ खाने-पीने के लिए संचालित हो रहा है या इसकी आड़ में अवैध शराब की बिक्री भी की जा रही थी? एक साथ 30 पौवा शराब की बरामदगी ने ढाबे की गतिविधियों को लेकर संदेह जरूर पैदा कर दिया है।
हालांकि, ढाबा संचालक द्वारा शराब बिक्री किए जाने की बात अभी पुलिस जांच का विषय है। यह भी जांच का महत्वपूर्ण बिंदु होगा कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और क्या इसे ढाबे पर ग्राहकों को बेचने के लिए रखा गया था।
पुलिस की कार्रवाई के बाद अब स्थानीय लोगों की नजर इस बात पर है कि विवेचना में ढाबे की आड़ में शराब बिक्री का कोई बड़ा नेटवर्क सामने आता है या मामला केवल बरामद शराब तक सीमित रहता है।







