Dhaara News

बलरामपुर में पति ने पत्नी को एक हफ्ते तक बनाया बंधक, गर्म पानी से दी जानलेवा यातना

वाड्रफनगर (छत्तीसगढ़)। बलरामपुर जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र में एक पत्नी के साथ अमानवीय प्रताड़ना का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। आरोपी पति ने अपने माता-पिता के साथ मिलकर पत्नी को एक हफ्ते तक घर में बंधक बना लिया और उसे शारीरिक और मानसिक यातनाएं दीं।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका पति आकाश तिवारी, जो वाड्रफनगर में चाणक्य अकैडमी का संचालक है, अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। इस बार उसने सारी हदें पार करते हुए गर्म चिमटे से शरीर को जलाया और मुंह में कपड़ा ठूंसकर गर्म पानी में चेहरा डुबाने की कोशिश की। पीड़िता ने बताया कि पति का एक अन्य महिला से अवैध संबंध भी है।

किसी तरह हिम्मत जुटाकर महिला ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद त्रिकुंडा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आकाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि महिला की मेडिकल जांच कराई गई है, और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर सास-ससुर की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

बलरामपुर महिला प्रताड़ना का यह मामला घरेलू हिंसा और महिला उत्पीड़न के बढ़ते मामलों पर एक गंभीर सवाल खड़ा करता है। फिलहाल पीड़िता सुरक्षित है और उसका इलाज जारी है।

dhaaranews
Author: dhaaranews

Leave a Comment