Dhaara News

दुर्ग में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, गर्दन-पेट समेत शरीर पर किए 6-7 वार; हालत गंभीर मां ने लिखाई रिपोर्ट

 

दुर्ग। पुलगांव क्षेत्र में अज्ञात युवकों द्वारा एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में युवक के गर्दन, पीठ, कंधे और पेट सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल युवक को पहले जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए शंकराचार्य अस्पताल भिलाई रेफर किया गया।

 

मिली जानकारी के अनुसार, घटना 4 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। घायल युवक रोशन विश्वकर्मा की मां को उसके दोस्त अमित ने फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचे, जहां रोशन गंभीर हालत में मिला।

 

परिजनों के अनुसार, रोशन ने बताया कि वह अपना डीआई वाहन घर के बाहर खड़ा कर दोस्त संजय तिवारी के साथ घूमने निकला था। इसी दौरान साई काशी निवास के सामने मुर्गा दुकान के पास तीन-चार युवक बैठे मिले। आरोप है कि युवकों ने रोशन को गाली देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उनमें से एक युवक ने चाकू से गर्दन, पीठ, कंधे और पेट पर 6-7 वार कर दिए।

 

हमले के दौरान रोशन के दोस्त संजय तिवारी और राहुल विश्वकर्मा उसे बचाने पहुंचे। उन्हें आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल रोशन को पहले जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, बाद में उसके दोस्त बेहतर उपचार के लिए शंकराचार्य अस्पताल भिलाई लेकर पहुंचे।

 

घायल की मां ने अज्ञात तीन-चार युवकों के खिलाफ जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment