Dhaara News

इंडिगो ने शुरू की नई दिल्ली-रायपुर उड़ान, त्योहारी सीजन में यात्रियों को मिलेगा फायदा

रायपुर। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इंडिगो एयरलाइंस ने रायपुर और दिल्ली के बीच नई अतिरिक्त उड़ान सेवा शुरू करने की घोषणा की है। यह नई इंडिगो नई दिल्ली-रायपुर फ्लाइट 26 अक्टूबर 2025 से शुरू होगी। एयरलाइंस का यह कदम त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

इंडिगो के सूत्रों के अनुसार, नई उड़ान संख्या 6E2120 दिल्ली (DEL) से सुबह 10:15 बजे रवाना होगी और दोपहर 12:15 बजे रायपुर पहुंचेगी। वहीं, वापसी में उड़ान संख्या 6E6640 रायपुर से दोपहर 12:45 बजे उड़ान भरेगी और 2:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इससे राजधानी रायपुर और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बीच हवाई यात्रा और अधिक सुगम हो जाएगी।

एयरलाइंस की यह अतिरिक्त उड़ान रायपुर के स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे से संचालित होगी। सूत्रों ने बताया कि इस नई फ्लाइट के लिए टिकट बुकिंग की प्रक्रिया पहले ही शुरू कर दी गई है। यात्री अब अपनी यात्रा योजना के अनुसार टिकट बुक कर सकते हैं।

त्योहारों के दौरान बढ़ती भीड़ और यात्रा मांग को देखते हुए यह उड़ान महत्वपूर्ण साबित होगी। इससे व्यापारिक यात्रियों, छात्रों और आम यात्रियों को सीधी और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा। इंडिगो का यह कदम रायपुर को देश के अन्य प्रमुख शहरों से बेहतर जोड़ने की दिशा में एक और अहम पहल माना जा रहा है।

dhaaranews
Author: dhaaranews

Leave a Comment