Raipur : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर छत्तीसगढ़ में ड्राई डे घोषित था, लेकिन रायपुर में इस दौरान शराब बिक्री का मामला सामने आया। मौदहापारा पुलिस को 4 सितंबर की रात सूचना मिली कि गली नंबर-1 में पूनम होटल के सामने स्थित प्लैटिनम बार से चोरी-छिपे शराब बाहर निकालकर ग्राहकों को बेची जा रही है।सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बार की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई। रात करीब 10:30 बजे घेराबंदी कर कथित तौर पर शराब बिक्री करते हुए बार संचालक और कांग्रेस नेता पलाश मल्होत्रा को पकड़ लिया गया।
शराब की बोतल और बिक्री की रकम बरामद
पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान 750 एमएल की सिमरन ऑफ मिंटी जामुन अंग्रेजी शराब की एक बोतल मिली। इसकी कीमत 1,150 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 2,300 रुपये नकद भी बरामद किए गए।पुलिस के मुताबिक बरामद शराब और नकदी की कुल कीमत 3,450 रुपये है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
युवा कांग्रेस से जुड़ा रहा है आरोपी
पुलिस की जानकारी के अनुसार पलाश मल्होत्रा उत्तर विधानसभा युवक कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुका है। फिलहाल उसे प्रदेश महासचिव युवक कांग्रेस के पद के प्रत्याशी के तौर पर बताया गया है। जन्माष्टमी जैसे ड्राई डे पर शराब बिक्री के आरोप में गिरफ्तारी के बाद मामला राजनीतिक चर्चा में भी आ गया है।
बार का लाइसेंस भी जांच के दायरे में
पुलिस अब मामले की रिपोर्ट आबकारी विभाग को भेजने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट में प्लैटिनम बार के लाइसेंस को निलंबित या निरस्त करने की अनुशंसा किए जाने की बात कही गई है।हालांकि लाइसेंस पर अंतिम कार्रवाई का अधिकार आबकारी विभाग के पास रहेगा। विभाग पुलिस की रिपोर्ट और मामले से जुड़े तथ्यों की समीक्षा के बाद लाइसेंस को लेकर निर्णय लेगा।







