Dhaara News

भूमिहीन मजदूरों को बड़ी सौगात…खातों में 495 करोड़ ट्रांसफर

रायपुर : भूमिहीन कृषि मजदूर योजना के तहत छत्तीसगढ़ में नवरात्रि के मौके पर बड़ा लाभ दिया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बलौदाबाजार में आयोजित कार्यक्रम में 4 लाख 95 हजार 965 भूमिहीन कृषि मजदूरों के खातों में 495 करोड़ 96 लाख 50 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर की। उन्होंने कहा कि यह पहल सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि श्रमिकों के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादों को तेजी और पारदर्शिता से पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि धान खरीदी के अंतर की राशि मिलने से किसानों ने इस बार खुशी से होली मनाई। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को मिली सहायता ने उनके आत्मविश्वास को बढ़ाया है। भूमिहीन कृषि मजदूर योजना से मिलेगा संबल कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को मकानों की चाबियां भी सौंपीं। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में 18 लाख से अधिक आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। साथ ही भूमिहीन कृषि मजदूर योजना के अंतर्गत हर साल 10 हजार रुपये की सहायता राशि दी जा रही है, जिससे मजदूर अपने परिवार की जरूरतें और बच्चों की शिक्षा पूरी कर पा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि सरकार 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है और सिंचाई के लिए 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है। बिजली बिल समाधान योजना के तहत लोगों को राहत दी जा रही है। अंत में उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास के लिए कृषि, खनिज और वन संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जाएगा। भूमिहीन कृषि मजदूर योजना राज्य में सामाजिक और आर्थिक बदलाव का मजबूत आधार बन रही है।
Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment