दुर्ग। ग्राम कुथरेल में अवैध गुटखा निर्माण और पैकिंग यूनिट पर हुई कार्रवाई के बाद जांच में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस और संबंधित विभाग की टीम को अंडा क्षेत्र में भी एक ऐसी ही अवैध यूनिट मिली है, जहां गुटखा पैकिंग का काम संचालित किया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार अंडा के शासकीय हाई स्कूल के पीछे स्थित एक सुनसान इलाके में नहर-नाली से लगे एक बाड़े में यह अवैध गतिविधि संचालित की जा रही थी। चौंकाने वाली बात यह है कि यह स्थान अंडा थाना से महज लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, लेकिन एकांत क्षेत्र होने के कारण लंबे समय तक किसी को इसकी भनक नहीं लग सकी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुथरेल और अंडा में संचालित दोनों यूनिटों का संबंध एक ही संचालक से बताया जा रहा है। जहां कुथरेल में निर्माण और प्रोसेसिंग का कार्य किया जा रहा था, वहीं अंडा स्थित यूनिट में गुटखा पैकिंग का काम बड़े पैमाने पर किया जा रहा था।
विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की। देर शाम तक पुलिस द्वारा मशीनों और अन्य सामग्री को जब्त करने की प्रक्रिया जारी रही। बताया जा रहा है कि तैयार किए जाने वाले उत्पाद के लिए कच्चा माल और पैकिंग सामग्री दिल्ली से मंगाई जाती थी।
सूत्रों के अनुसार यूनिट में कार्यरत अधिकांश कर्मचारी उत्तर प्रदेश के कानपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं, जिन्हें पैकिंग और उत्पादन कार्य के लिए यहां रखा गया था। जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं और यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि तैयार माल की सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति है और मामले में कई बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
प्रमुख तथ्य
कुथरेल के बाद अंडा में भी अवैध गुटखा पैकिंग यूनिट का खुलासा
अंडा थाना से मात्र 1 किलोमीटर दूर संचालित हो रहा था कारोबार
शासकीय हाई स्कूल के पीछे सुनसान बाड़े में चल रही थी गतिविधि
दोनों यूनिटों का एक ही संचालक होने की आशंका
दिल्ली से आता था कच्चा माल और पैकिंग सामग्री
अधिकांश कर्मचारी कानपुर (उत्तर प्रदेश) के बताए जा रहे हैं
मशीनें और सामग्री जब्त, जांच जारी :::








