Dhaara News

अनाज मंडी में भीषण अग्निकांड, तीन दुकानों में लगी आग, करोड़ों के नुकसान की आशंका

रायपुर। राजधानी रायपुर में दीपावली की रात एक बड़ा हादसा सामने आया। 8 नवंबर की देर रात डुमरतराई अनाज मंडी स्थित तीन दुकानों में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग की चपेट में दीपक ट्रेडर्स, व्यंकटेश इंटरप्राइजेज और जयराम स्टेशनरी की दुकानें आ गईं। तीनों दुकानें मंडी के B-164, B-165 और B-166 नंबर पर स्थित हैं। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि दूर से ही धुएं का गुबार और आग का विकराल रूप दिखाई दे रहा था। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस अग्निकांड में करोड़ों रुपये का नुकसान होने की आशंका है।

स्टेशनरी और कन्फेक्शनरी के सामान ने बढ़ाई आग की भयावहता

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, माना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली मंडी की स्टेशनरी और कन्फेक्शनरी सामान की दुकानों में आग लगी। देखते ही देखते लपटों ने आसपास की दो अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। दुकानों में बड़ी मात्रा में सामान रखा होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। इस दौरान दुकानों के भीतर से धमाकों जैसी कई आवाजें भी सुनाई दीं। अचानक हुए इस घटनाक्रम से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दमकल, SDRF और निजी संस्थानों की 10 गाड़ियां तैनात

आगजनी की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग, SDRF और निजी प्लांटों की करीब 10 गाड़ियों को राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया। सभी टीमें आग पर नियंत्रण पाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।

आग लगने की वजह अब तक स्पष्ट नहीं

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही दुकानों में हुए नुकसान का वास्तविक आकलन किया जा सकेगा। वहीं, माना थाना पुलिस ने घटना को लेकर जांच शुरू कर दी है। आग लगने की वजह और अन्य परिस्थितियों की जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की उम्मीद है।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment