ग्रामीणों की भावनाओं और जनहित को बताया सर्वोपरि, प्रस्तावित भूमि परिवर्तन का किया आग्रह।
संवाददाता। बालोद गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुंवर सिंह निषाद ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर विधायक कॉलोनी के लिए ग्राम पंचायत नकटी में प्रस्तावित भूमि के स्थान पर नया रायपुर में किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर भूमि आवंटित करने का आग्रह किया है।
विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि ग्राम नकटी में प्रस्तावित भूमि को लेकर स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार आपत्ति और विरोध दर्ज कराया जा रहा है। उनका कहना है कि प्रस्तावित भूमि पर वर्षों से ग्रामीणों का उपयोग एवं जुड़ाव रहा है, ऐसे में वहां विधायक कॉलोनी का निर्माण जनभावनाओं के विपरीत होगा।
कुंवर सिंह निषाद ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि ग्रामीणों की भावनाओं का सम्मान करते हुए विधायक कॉलोनी के लिए नया रायपुर में किसी अन्य उपयुक्त स्थान का चयन किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को शासन तक पहुंचाना उनका दायित्व है और वे हर परिस्थिति में ग्रामीणों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।
विधायक ने उम्मीद जताई है कि राज्य सरकार इस विषय पर संवेदनशीलता के साथ विचार करेगी और ऐसा निर्णय लेगी जिससे विकास कार्य भी प्रभावित न हों तथा ग्रामीणों की भावनाओं का भी सम्मान बना रहे।








