*गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र में विगत दिनों हुई अत्यधिक वर्षा एवं बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का विधायक श्री कुंवर सिंह निषाद जी ने संज्ञान लेते हुए कलेक्टर, जिला बालोद को पत्र सौंपकर प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत एवं क्षतिपूर्ति राशि प्रदान करने की मांग की।विधायक जी ने पत्र के माध्यम से बताया कि बाढ़ एवं जलभराव के कारण विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई परिवारों के मकान, कृषि फसल, पशुधन एवं अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति निर्मित हुई है।उन्होंने ग्राम सिकोसा, मनहोरा, फुलझर, खेरूद (खे), सनौद, लिमोरा, नगर पंचायत गुंडरदेही सहित अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राजस्व एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों के माध्यम से शीघ्र विस्तृत सर्वेक्षण एवं पंचनामा तैयार कराने की मांग की।विधायक जी ने शासन के नियमानुसार पात्र प्रभावित परिवारों को मकान, फसल, पशुधन एवं अन्य क्षति की उचित क्षतिपूर्ति राशि जल्द उपलब्ध कराने के साथ ही बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़क, पुल-पुलिया, नाली एवं अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों का भी आकलन कर प्राथमिकता से मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराने का आग्रह किया।*

*विधायक श्री कुंवर सिंह निषाद जी ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों की कठिन परिस्थितियों को देखते हुए राहत एवं क्षतिपूर्ति की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। प्रभावित लोगों को शासन की नियमानुसार सहायता शीघ्र मिले, इसके लिए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।*








