Dhaara News

ओयो होटल पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, आवासीय मकान को सील किया गया

बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र के बहतराई रोड स्थित एक आवासीय मकान में गुपचुप तरीके से ओयो होटल का संचालन किया जा रहा था। शिकायतों की बाढ़ के बाद आखिरकार नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मकान को सील कर दिया।

मोहल्लेवासियों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से शिकायत की थी कि इस घर में ओयो होटल के नाम पर संदिग्ध गतिविधियों का अड्डा बन गया है। लोगों का कहना था कि रोजाना यहां अजनबी लोग आते-जाते हैं और देर रात तक संदिग्ध हरकतें होती रहती हैं। इस वजह से आसपास के रहवासी लंबे समय से परेशान थे।

जानकारी के अनुसार, इस मकान में ओयो होटल का संचालन गायत्री केडिया नामक महिला कर रही थी। मोहल्ले वालों ने कई बार इसे बंद कराने की कोशिश की, लेकिन महिला नहीं मानी। अंततः मजबूर होकर लोगों ने इसकी औपचारिक शिकायत की।

शिकायत मिलने पर नगर निगम की टीम ने जांच की तो पाया कि यह आवासीय मकान है, जिसमें किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि प्रतिबंधित है। इसके बाद अतिक्रमण विरोधी दस्ता प्रभारी प्रमिल शर्मा और शिव जायसवाल की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

टीम ने जांच के दौरान होटल संचालन की पुष्टि की और तत्काल मकान को सील कर दिया। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि आवासीय क्षेत्र में होटल, लॉज या किसी भी व्यावसायिक प्रतिष्ठान का संचालन नियमों का उल्लंघन है और आगे भी ऐसी शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

dhaaranews
Author: dhaaranews

Leave a Comment