Dhaara News

पीएम श्री स्कूल नगपुरा में मिड डे मील पर नया मोड़, महिला मछुआ समूह का संचालन स्थगित

 

दुर्ग। पीएम श्री स्कूल, नगपुरा में मिड डे मील (एमडीएम) संचालन को लेकर बड़ा प्रशासनिक घटनाक्रम सामने आया है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी, दुर्ग द्वारा महिला मछुआ एवं स्व-सहायता समूह के अध्यक्ष एवं सचिव को पत्र जारी कर उनके द्वारा मिड डे मील संचालन को तत्काल प्रभाव से स्थगित रखने के निर्देश दिए गए हैं।

आदेश में उल्लेख किया गया है कि संबंधित समूह के माध्यम से एमडीएम संचालन का प्रस्ताव अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय में लंबित है तथा नियुक्ति संबंधी प्रक्रिया भी अभी पूरी नहीं हुई है। इसलिए प्रकरण के अंतिम निराकरण तक समूह को मिड डे मील संचालन नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस आदेश के बाद स्थिति लगभग स्पष्ट हो गई है कि पीएम श्री स्कूल नगपुरा में अब केवल “जय मां अन्नपूर्णा स्व-सहायता समूह” ही मिड डे मील का संचालन करेगा, जबकि इसके विपरीत महिला मछुआ एवं स्व-सहायता समूह के अध्यक्ष और सचिव को संचालन स्थगित करने का आधिकारिक पत्र जारी किया गया है।

यह आदेश उन चर्चाओं पर भी विराम लगाता दिखाई देता है, जिनमें दोनों समूहों के संचालन को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि, एसडीएम स्तर पर लंबित प्रकरण का अंतिम निर्णय आने के बाद प्रशासन की ओर से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अब सभी की निगाहें एसडीएम के अंतिम निर्णय पर टिकी हैं, लेकिन वर्तमान स्थिति में शिक्षा विभाग के आदेश से यह स्पष्ट संकेत मिला है कि पीएम श्री स्कूल नगपुरा में मिड डे मील संचालन की जिम्मेदारी केवल जय मां अन्नपूर्णा स्व-सहायता समूह के पास रहेगी।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment