Dhaara News

बिलासपुर एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग सुविधा…15 अप्रैल से अंचलवासियों को रात में उड़ान की सुविधा

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर एयरपोर्ट से अब अंचलवासियों को रात में हवाई यात्रा की सुविधा मिलने वाली है। निजी विमानन कंपनी अलायंस एयर ने नाइट लैंडिंग के लिए डीजीसीए को प्रस्ताव भेजा है। मंजूरी मिलने पर 15 अप्रैल से ही यह सेवा शुरू हो सकती है।

बीते दिनों मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजकीय विमान से उड़ान भरकर एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग सुविधा का उद्घाटन किया था।


नया रनवे प्रोसीजर और उड़ानों का समय

अलायंस एयर ने बिलासपुर एयरपोर्ट के रनवे प्रोसीजर डायग्राम में संशोधन की मांग की है। वर्तमान में 1490 मीटर रनवे उपलब्ध है, लेकिन नाइट लैंडिंग लाइसेंस के अनुसार अंतिम 50 मीटर को रनवे एंडिंग सिक्योरिटी एरिया (RESA) घोषित किया गया है। इस वजह से नाइट लैंडिंग और टेकऑफ़ के लिए 1440 मीटर ही उपलब्ध होगा।

यदि डीजीसीए मंजूरी दे देता है, तो एटीआर 72 विमान इस रनवे पर रात में सुरक्षित उड़ान भर सकेंगे। इसके बाद अंचलवासियों को देर शाम या रात में दिल्ली और प्रयागराज की उड़ानें मिल सकेंगी।


यात्रियों और एयरलाइन के लिए लाभ

जन संघर्ष समिति के अनुसार, गर्मियों में 40 डिग्री से अधिक तापमान होने पर एटीआर 72 विमान पूरी क्षमता से टेक ऑफ नहीं कर पाते। इस स्थिति में यात्रियों की संख्या 72 से घटकर 52 हो जाती है, जिससे अतिरिक्त शुल्क भी देना पड़ता है।

लेकिन नाइट लैंडिंग शुरू होने पर विमान अपनी पूरी क्षमता के साथ उड़ान भर सकेगा। इससे न केवल यात्री सुविधा में सुधार होगा, बल्कि एयरलाइन को भी नुकसान से बचाव मिलेगा।


Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment