Dhaara News

अब राशन के लिए दुकान की लाइन जरूरी नहीं: दुर्ग में शुरू हुआ 24 घंटे चलने वाला ग्रेन एटीएम, ऐसे मिलेगा चावल

दुर्ग : सार्वजनिक वितरण प्रणाली को आधुनिक बनाने की दिशा में नई पहल शुरू हुई है। अब राशनकार्डधारियों को चावल लेने के लिए राशन दुकान के तय समय और लंबी कतार पर निर्भर नहीं रहना होगा। अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम के जरिए पात्र हितग्राही अपनी सुविधा के अनुसार राशन प्राप्त कर सकेंगे।शासन और विश्व खाद्य कार्यक्रम के सहयोग से 8 अगस्त को गदा चौक के पास अंबेडकर चौक, सुपेला भिलाई स्थित पुराने वैशाली नगर थाना भवन में ग्रेन एटीएम स्थापित किया गया है।

 

आधार से पहचान होगी, मशीन से मिलेगा पूरा राशन

ग्रेन एटीएम से राशन लेने के लिए आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण करना होगा। पहचान सत्यापित होने के बाद पात्रता के अनुसार निर्धारित मात्रा में चावल मशीन से उपलब्ध कराया जाएगा।मशीन से राशन वितरण होने के कारण तौल में कमी जैसी शिकायतों की संभावना कम होगी। हितग्राही को उसकी पात्रता के मुताबिक निर्धारित मात्रा में अनाज मिल सकेगा।

24 घंटे सुविधा, जब चाहें तब ले सकेंगे राशन

इस व्यवस्था की सबसे बड़ी खासियत इसका 24 घंटे उपलब्ध रहना है। दैनिक मजदूर, श्रमिक, महिलाएं और ऐसे लोग जिन्हें राशन दुकान के निर्धारित समय में पहुंचना मुश्किल होता है, अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय चावल ले सकेंगे।इससे कतार में खड़े रहने और राशन दुकान खुलने के समय का इंतजार करने की परेशानी भी कम होगी।

तकनीक से घटेगा मानवीय हस्तक्षेप

बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के जरिए राशन वितरण होने से पूरी प्रक्रिया अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने का प्रयास किया गया है। हितग्राहियों की उचित मूल्य दुकान संचालकों पर निर्भरता कम होगी और वितरण प्रक्रिया में मानवीय हस्तक्षेप भी घटेगा।प्रशासन को उम्मीद है कि तकनीक आधारित यह व्यवस्था राशन की कालाबाजारी और वितरण में होने वाली अनियमितताओं पर नियंत्रण लगाने में भी मदद करेगी।

पीडीएस को डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम

अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम को सार्वजनिक वितरण प्रणाली में तकनीकी बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। प्रशासन की ओर से इस सुविधा के बारे में लोगों को जानकारी दी जा रही है, ताकि ज्यादा से ज्यादा पात्र राशनकार्डधारी इसका उपयोग कर सकें।नई व्यवस्था का उद्देश्य राशन वितरण को आसान बनाने के साथ इसे अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और आम लोगों की सुविधा के अनुरूप बनाना है।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment