दुर्ग। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन का एक नया सोशल मीडिया पोस्ट सामने आने के बाद जिले में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। विधायक के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से साझा किए गए पोस्ट में दावा किया गया है कि सूत्रों के अनुसार दुर्ग जेल में दो बड़े पुलिस अधिकारियों के लिए अलग बैरक और टॉयलेट बनवाने की मांग की जा रही है।
पोस्ट में विधायक ने इस दावे को लेकर लिखा है कि उन्हें विश्वास है कि इस मामले की जांच सीबीआई तक जाएगी। साथ ही पोस्ट के जरिए उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
हालांकि महत्वपूर्ण बात यह है कि पोस्ट में खुद “सूत्रों से जानकारी” का उल्लेख किया गया है। इसमें किसी अधिकारी का नाम, किसी आदेश की प्रति अथवा कथित बैरक और टॉयलेट निर्माण से संबंधित कोई दस्तावेज सार्वजनिक नहीं किया गया है। ऐसे में फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि विधायक ने जिन दो अधिकारियों का जिक्र किया है, वे कौन हैं और वास्तव में जेल प्रशासन की ओर से इस प्रकार की कोई व्यवस्था किए जाने की प्रक्रिया चल रही है या नहीं।
विधायक के इस पोस्ट के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह महज सूत्रों पर आधारित दावा है या इसके पीछे कोई आधिकारिक दस्तावेज भी मौजूद है? यदि विधायक द्वारा आगे इस संबंध में ठोस प्रमाण या दस्तावेज सामने रखे जाते हैं, तो मामले की तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है।
फिलहाल विधायक के इस नए पोस्ट ने दुर्ग के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा जरूर तेज कर दी है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि इस दावे पर पुलिस प्रशासन और जेल विभाग की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।







