Dhaara News

सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान: हर पात्र हितग्राही तक पहुंचेगी सरकारी योजनाओं की सौगात, 23 जिलों में जल्द शुरू होगा विशेष अभियान

 रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के प्रत्येक पात्र नागरिक तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जल्द ही ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान’ शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचें।

23 जिलों में चलेगा विशेष अभियान

मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान का संचालन रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और सरगुजा संभाग के कुल 23 जिलों में किया जाएगा। इसके तहत राज्य सरकार की 31 प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक स्तर पर संतृप्तिकरण किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही किसी योजना के लाभ से वंचित न रहे।

‘नियद नेल्लानार’ मॉडल को मिलेगा विस्तार

सरकार इस अभियान को पहले से संचालित ‘नियद नेल्लानार योजना’ के सफल अनुभवों के आधार पर आगे बढ़ाएगी। विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के क्रियान्वयन को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, जिससे लाभार्थियों तक सेवाएं तेजी और सुगमता से पहुंच सकें।

तकनीक से होगी रियल-टाइम निगरानी

अभियान में आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए रियल-टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम लागू किया जाएगा। इसके साथ ही जवाबदेह कार्यप्रणाली और विभागीय समन्वय को मजबूत कर सेवा वितरण की नई व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिससे योजनाओं का लाभ समय पर, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचे।

विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में अहम पहल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वास जताया कि जब शासन की प्रत्येक योजना समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगी, तभी ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ और ‘विकसित छत्तीसगढ़’ का संकल्प वास्तविक रूप से साकार हो सकेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ हर पात्र नागरिक तक सुनिश्चित करना है।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment