भिलाई। प्रखर प्रज्ञा के धनी, ओजस्वी वक्ता, अध्यात्मवेत्ता, कर्मयोगी एवं महान संत स्वामी आत्मानंद की जयंती के अवसर पर 6 अक्टूबर को मरौदा सेक्टर में जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा।
समारोह का आयोजन सुबह 10 बजे से स्वामी आत्मानंद उद्यान एवं खेल परिसर, मरौदा सेक्टर भिलाई में किया जाएगा। कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक एवं सामाजिक योगदान को स्मरण किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल उपस्थित रहेंगे। विशिष्ट अतिथियों में छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के राजप्रधान ईश्वरी वर्मा तथा ओ.ए. अध्यक्ष एवं सेफी चेयरमैन नरेंद्र बंछोर शामिल होंगे।
समारोह की अध्यक्षता रिसाली नगर पालिक निगम के सभापति केशव बंछोर करेंगे, जबकि वरिष्ठ पत्रकार लखन लाल वर्मा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज भिलाईनगर एवं छत्तीसगढ़ी कुर्मी क्षत्रिय समाज भिलाई नगर मरौदा मित्र मंडल के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से समारोह में शामिल होने की अपील की है।








