दुर्ग। दुर्ग जनपद पंचायत परिसर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं जनपद पंचायत के प्रथम अध्यक्ष दाऊ ढाल सिंह दिल्लीवार की प्रतिमा के चबूतरे पर टॉयलेट सीटें रखे जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना से सर्व समाज में आक्रोश है। सामाजिक नेता जयंत देशमुख ने मौके का वीडियो जारी कर जनपद पंचायत दुर्ग के सीईओ और जिला पंचायत दुर्ग के सीईओ के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
मामला केवल लापरवाही का नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के सम्मान और सामाजिक भावनाओं से जुड़ा है। आखिर शासकीय परिसर में स्थापित महापुरुष की प्रतिमा के चबूतरे को टॉयलेट सीटें रखने का स्थान किसने बना दिया? क्या जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं थी? यदि थी तो इसे रोकने के लिए कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
उल्लेखनीय है कि दाऊ ढाल सिंह दिल्लीवार का जन्म 27 नवंबर 1897 को ग्राम पिरिद में हुआ था। वे 1921 में स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े और अंग्रेजों के विरुद्ध नमक एवं जंगल सत्याग्रह में शामिल हुए। वर्ष 1941 से 1945 तक जेल में भी रहे। वे 1955 से 1962 तक दुर्ग जनपद सभा के प्रथम अध्यक्ष और 1962 से 1967 तक दुर्ग विधानसभा के विधायक रहे।
उनकी प्रतिमा का अनावरण 27 नवंबर 2016 को तत्कालीन सांसद रमेश बैस की उपस्थिति में हुआ था।
अब सर्व समाज की मांग है कि इस घटना की निष्पक्ष जांच हो, जिम्मेदारी तय की जाए और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाए। जिला प्रशासन इस गंभीर सामाजिक मामले में क्या कार्रवाई करता है, इस पर सबकी निगाहें टिकी हैं।








