Dhaara News

रक्षाबंधन के दिन दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार की मौत, जंजगिरी रोड अंडा के पास दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत, पत्नी और एक वर्षीय बेटी घायल

 

 

दुर्ग/अंडा। रक्षाबंधन के दिन अंडा थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार योगेश यादव की मौत हो गई। हादसा शैलदेवी कॉलेज के आगे जंजगिरी रोड अंडा के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत से हुआ।

प्राप्त प्रथम सूचना के अनुसार, योगेश यादव अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 DD 3531 से अपनी पत्नी श्रीमती संगीता यादव और करीब एक वर्षीय बेटी के साथ रक्षाबंधन पर्व पर ग्राम माहुद स्थित अपने ससुराल गया था। वापस घर लौटते समय करीब दोपहर 3:30 बजे जंजगिरी रोड के पास सामने से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 AR 4898 से उसकी भिड़ंत हो गई।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सामने से आ रही मोटरसाइकिल को नितेश कुर्रे, निवासी हनोदा, तेज गति और लापरवाहीपूर्वक चला रहा था। टक्कर में योगेश यादव के सिर में गंभीर चोट आई। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे में योगेश की पत्नी संगीता यादव और उनकी करीब एक वर्षीय बेटी को भी चोटें आई हैं। वहीं दूसरी मोटरसाइकिल का चालक नितेश कुर्रे भी घायल बताया गया है। दुर्घटना में दोनों मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं।

बताया जा रहा है कि मृतक योगेश यादव दुर्ग के मरोदा-नेवई क्षेत्र का निवासी था। रक्षाबंधन के दिन हुए इस हादसे से परिवार में पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं।

मामले में अंडा थाना पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। हादसे के वास्तविक कारणों और दुर्घटना के लिए जिम्मेदारी को लेकर पुलिस की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment