Dhaara News

CM विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में दो दिवसीय कलेक्टर-SP कॉन्फ्रेंस आज से शुरू, विकास और सुशासन पर होगी समीक्षा

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज से मंत्रालय (महानदी भवन) में दो दिवसीय कलेक्टर-SP कॉन्फ्रेंस की शुरुआत हो रही है। यह महत्वपूर्ण बैठक शनिवार सुबह 10:30 बजे शुरू होगी, जिसमें प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर शामिल होंगे। बैठक का उद्देश्य प्रदेशभर में संचालित योजनाओं, विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा करना है।

कॉन्फ्रेंस के पहले दिन मुख्यमंत्री साय सभी कलेक्टरों के साथ राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं के अमल और उनके ज़मीनी प्रभाव का मूल्यांकन करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति, जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों और प्रशासनिक सुधारों पर विशेष फोकस रहेगा।

दूसरे दिन की बैठक में SP और DFO शामिल होंगे
कॉन्फ्रेंस के दूसरे दिन यानी रविवार को सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक (SP) और वनमंडलाधिकारी (DFO) शामिल होंगे। इस सत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति, जंगल और वन्यजीव संरक्षण, अवैध कटाई और खनन जैसी गतिविधियों पर नियंत्रण के उपायों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही पर्यावरणीय चुनौतियों और राज्य के हरित मिशन से जुड़े विषयों पर भी विमर्श होगा।

राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर आयोजित की जाने वाली इस प्रकार की कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य जिलों में सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करना है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इससे पहले भी प्रशासनिक बैठकों में बेहतर समन्वय, नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया है।

dhaaranews
Author: dhaaranews

Leave a Comment